दिल्ली पुलिस में सब-इंस्पेक्टर की एक बेहद सुरक्षित और रौबदार सरकारी नौकरी छोड़कर ऑस्ट्रेलिया जाने का फैसला किसी के लिए भी एक बड़ा जोखिम हो सकता है. लेकिन एक भारतीय शख्स ने अपनी जिंदगी में यह बड़ा फैसला लिया और आज वे ऑस्ट्रेलिया के सफल रियल एस्टेट एजेंट बन चुके हैं.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपनी इस अविश्वसनीय यात्रा को साझा करते हुए निशांत नाम के इस शख्स ने बताया कि कैसे सात समंदर पार शून्य से शुरुआत की, खुद का घर बनाया और अब वे अन्य परिवारों को उनके सपनों का आशियाना दिलाने में मदद कर रहे हैं.
भारत में सरकारी नौकरी, खासकर पुलिस विभाग में सब-इंस्पेक्टर पद को सामाजिक सुरक्षा और रूतबे के लिहाज से बेहद शानदार माना जाता है, लेकिन बदलाव और कुछ बड़ा करने की चाहत में इस सुरक्षित भविष्य को दांव पर लगाकर विदेश में एक अनिश्चित सफर शुरू करना हर किसी के बस की बात नहीं होती. निशांत तोमर ने दुनिया की परवाह किए बिना यह बड़ा जोखिम उठाया और आज वे ऑस्ट्रेलिया के रियल एस्टेट मार्केट का एक जाना-माना नाम बन चुके हैं.
उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी इस असाधारण यात्रा को साझा करते हुए बताया- 'कुछ साल पहले, मैंने एक ऐसा रिस्क लिया था जिसे बहुत से लोग पागलपन समझते थे. मैंने इंडिया में एक पक्की सरकारी नौकरी छोड़ दी, भविष्य को लेकर अनिश्चितता के साथ ऑस्ट्रेलिया चला गया, शुरू से शुरुआत की, चुनौतियों का सामना किया, अपना घर बनाया, और आज मैं दूसरे परिवारों को ऑस्ट्रेलिया में अपना पहला घर खरीदने का सपना पूरा करने में मदद कर रहा हूं. यह सफर किस्मत के बारे में नहीं था, यह मौके लेने, नए देश में ढलने और मुश्किल होने पर कभी हार न मानने के बारे में था.
आज वे एक सफल रियल एस्टेट एजेंट के रूप में स्थापित हो चुके हैं. इस सफर में उन्होंने न सिर्फ आर्थिक रूप से खुद को मजबूत किया बल्कि ऑस्ट्रेलिया में अपना खुद का आलीशान घर भी तैयार किया. उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसे देखकर लोग उनकी हिम्मत और कड़ी मेहनत की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: 'घर महंगा, इसलिए कॉफी पर पैसे खर्च कर रहे Gen Z' , राज शमानी का पोस्ट वायरल
aajtak.in