दिल्ली में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) नई आवास योजना लेकर आया है. 'डीडीए आवास निवेश योजना 2026' के तहत नरेला में आर्थिक रूप से कमजोर और कम आय वर्ग के लोगों के लिए 2,516 एलआईजी (LIG) फ्लैट उपलब्ध कराने की घोषणा की है. इन पर 25 प्रतिशत की छूट भी है. फ्लैट्स की शुरुआती कीमत करीब 15 लाख रुपये है, रजिस्ट्रेशन 14 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा, जबकि फ्लैटों की बुकिंग 20 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से की जा सकेगी.
डीडीए की इस योजना के तहत नरेला के सेक्टर जी-2 से जी-6 के पॉकेट 3 में एलआईजी श्रेणी के 1,020 फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे, इन फ्लैटों का अनुमानित प्लिंथ एरिया 49.90 वर्ग मीटर है और 25 प्रतिशत छूट के बाद इनकी शुरुआती अनुमानित कीमत 15.01 लाख रुपये रखी गई है, वहीं, पॉकेट 6 में इसी श्रेणी के 1,496 फ्लैट उपलब्ध होंगे. इनका अनुमानित प्लिंथ एरिया भी 49.90 वर्ग मीटर है, जबकि छूट के बाद शुरुआती अनुमानित कीमत 14.95 लाख रुपये है.
इस तरह योजना में कुल 2,516 फ्लैट उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है, हालांकि, डीडीए ने स्पष्ट किया है कि फ्लैटों की संख्या बढ़ या घट सकती है.
14 अक्टूबर से रजिस्ट्रेशन, 20 अक्टूबर से बुकिंग
डीडीए आवास निवेश योजना 2026 के लिए आवेदन की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी होगी, योजना का ब्रोशर 13 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे से डाउनलोड किया जा सकेगा. इच्छुक आवेदक डीडीए के आवास पोर्टल https://eservices.dda.org.in पर जाकर योजना के लिए पंजीकरण और बुकिंग कर सकेंगे.
रजिस्ट्रेशन के लिए देने होंगे 2,500 रुपये
फ्लैट बुक करने के इच्छुक लोगों को पोर्टल पर पंजीकरण के लिए एक बार 2,500 रुपये का शुल्क देना होगा. यह फीस वापस नहीं किया जाएगा, जिन लोगों ने पहले से डीडीए के आवास पोर्टल पर पंजीकरण करा रखा है, उन्हें दोबारा पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं होगी.
वहीं, फ्लैट की बुकिंग के लिए 1 लाख रुपये की राशि जमा करनी होगी, आवेदकों को आवेदन करने से पहले योजना के विस्तृत ब्रोशर में दी गई पात्रता शर्तों और अन्य नियमों की जांच कर लेनी चाहिए.
किन बातों का रखना होगा ध्यान?
डीडीए के अनुसार, फ्लैटों की कीमत फिलहाल अनुमानित है, प्रत्येक फ्लैट का अंतिम मूल्य उसके वास्तविक प्लिंथ एरिया के आधार पर तय किया जाएगा, इसलिए आवंटन के समय कीमत में अंतर हो सकता है, इसके अलावा, घोषित कीमत में रखरखाव शुल्क, पानी के कनेक्शन का शुल्क और जहां लागू हो, वहां कन्वर्जन चार्ज शामिल नहीं हैं.
योजना के बाकी नियम और शर्तें डीडीए की ओर से जारी किए जाने वाले विस्तृत ब्रोशर में उपलब्ध होंगी. फ्लैट खरीदने की योजना बना रहे लोगों को बुकिंग से पहले इन जानकारियों को ध्यान से पढ़ना चाहिए.
क्या निवेश के लिहाज से भी है मौका?
डीडीए ने इस योजना को किफायती आवास उपलब्ध कराने के साथ नरेला में संपत्ति खरीदने के अवसर के रूप में भी पेश किया है. करीब 15 लाख रुपये की शुरुआती अनुमानित कीमत और 25 प्रतिशत की छूट इसे सीमित बजट में घर तलाश रहे लोगों के लिए एक विकल्प बनाती है.
aajtak.in