भारत की सबसे बड़ी आईटी सर्विसेज एक्सपोर्टर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं. TCS के रिजल्ट में सामने आए एक नंबर ने सभी को चौंका दिया. आंकड़ा ये है कि दिसंबर की तिमाही के दौरान TCS में कर्मचारियों (Employees) की संख्या घटी है. इस दौरान कंपनी में 2,197 कर्मचारियों की संख्या घटी है. TCS में अब कुल कर्मचारियों की संख्या 6,13,974 है. यह पहली बार है जब 10 तिमाही में कंपनी में कर्मचारियों की संख्या घटी है.
सितंबर में समाप्त तिमाही में TCS ने कुल 9,840 कर्मचारियों को जोड़ा था. कंपनी के कर्मचारियों की संख्या में आई गिरावट के पीछे क्या कारण हो सकते हैं. समझने की कोशिश करते हैं.
मैक्रो-इकोनॉमिक माहौल
ऐसा हो सकता है कि अधिक कर्मचारियों के नौकरी छोड़ने के बाद कंपनी ने खाली पदों को नहीं भरा. इस वजह से आंकड़े में कर्मचारियों की संख्या में गिरावट देखने को मिल रही है. एक्सपर्ट्स ऐसा भी मान रहे हैं कि ऐसा भी हो सकता है कि चुनौतीपूर्ण मैक्रो-इकोनॉमिक माहौल की वजह से TCS ने कर्मचारियों की संख्या में कटौती की हो. पूरी दुनिया में आर्थिक मंदी की आशंका गहराते जा रही है. प्रमुख पश्चिमी बाजारों में आर्थिक मंदी की आशंका की वजह से डर का माहौल देखने को मिलने लगा है. शेयर मार्केट के निवेशक सतर्क हो गए हैं.
यूरोप को लेकर सतर्क
ऐसा हो सकता है कि कंपनी ने प्रमुख पश्चिमी बाजारों में आर्थिक मंदी के डर के बीच फिलाहल रिक्रूटमेंट की गति को स्लो कर दिया हो. TCS के मुख्य कार्यकारी और प्रबंध निदेशक राजेश गोपीनाथन ने कहा कि हम अमेरिका को लेकर रचनात्मक, यूरोप को लेकर सतर्क और ब्रिटेन को लेकर पॉजिटिव हैं. लेकिन स्वीकार करते हैं कि यह अस्थिर हो सकता है. लेकिन हमारा रुख पॉजिटव है.
कंपनी का मुनाफा बढ़ा
TCS ने कहा कि छह तिमाहियों में तेजी के बाद उसका एट्रिशन 21.5 प्रतिशत से गिरकर 21.3 प्रतिशत हो गया है. वहीं, तिमाही वार्षिक एट्रिशन लगभग 6 प्रतिशत गिरा है. एट्रिशन वो दर होती है, जिस पर कर्मचारी कंपनी छोड़ते हैं. अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में TCS का नेट फ्रॉफिट 11 फीसदी बढ़कर 10,846 करोड़ रुपये रहा. हालांकि, कंपनी का प्रॉफिट मार्जिन कम हुआ है. टाटा समूह की इस कंपनी ने एक साल पहले की अवधि में 9,769 करोड़ रुपये का पोस्ट टैक्स प्रॉफिट हासिल किया था.
नए टैलेंट पर फोकस
कंपनी के चीफ HR ऑफिसर मिलिंद लक्कड़ ने कहा ने कहा- 'पिछली कुछ तिमाहियों में हमारा ध्यान नए टैलेंट को बड़े पैमाने पर लाने और उन्हें नई तकनीकों पर ट्रेंड कर प्रोडक्टिव बनाने पर रहा है.' उन्होंने कहा कि मिडिल और वरिष्ठ स्तर पर 12,50,00 TCSers के होने पर विशेष रूप से गर्व है, जो औसतन 10 से अधिक वर्षों से कंपनी के साथ हैं.
aajtak.in