शेयर बाजार में मंगलवार को भले ही दिनभर सुस्ती के साथ कारोबार हुआ और सेंसेक्स-निफ्टी दोनों इंडेक्स गिरावट के साथ रेड जोन में क्लोज हुए. लेकिन इस बीच ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी का शेयर धुआंधर तेजी के साथ बंद हुआ और निवेशकों को तगड़ी कमाई कराई.
खास बात ये है कि Swiggy Share में ये तगड़ा उछाल ऐसे समय में आया है, जबकि कंपनी के क्विक-कॉमर्स बिजनेस, इंस्टामार्ट के सीईओ ने अपने पद से इस्तीफा (Instamart CEO Regines) दे दिया.
इस्तीफे के बाद आई नए CEO की न्यूज
स्विगी की ओर से रेग्युलेटरी फाइलिंग में जानकारी दी गई कि इंस्टामार्ट के सीईओ अमितेश कुमार झा ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद से इस्तीफा दे दिया है. इस खबर का असर कंपनी के शेयरों पर देखने को मिला, इससे पहले ही इंस्टामार्ट को नया सीईओ मिलने की न्यूज आ गई. Swiggy ने नंदिता सिन्हा को इंस्टामार्ट का नया सीईओ नियुक्त करने की घोषणा की है, जो 3 अगस्त से अपना पदभार संभालेंगी.
शेयर में अचानक जोरदार तेजी
Instamart को नया सीईओ मिलने की खबर आते ही स्विगी के शेयर में जोरदार उछाल आया और कारोबार के दौरान Swiggy Share करीब 5 फीसदी ज्यादा उछल गया. इस फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के शेयर ने अपने पिछले कारोबारी बंद 257.80 रुपये की तुलना में मामूली उछाल के साथ 257.90 रुपये पर कारोबार की शुरुआत की थी.
लेकिन इंस्टामार्ट में जैसे ही नेतृत्व परिवर्तन की खबरें आईं, शेयर ने छलांग लगाना शुरू कर दिया और तेज रफ्तार से भागते हुए 273 रुपये प्रति शेयर के लेवल पर पहुंच गया. हालांकि, शेयर मार्केट में कारोबार के अंत में इसकी तेज रफ्तार कुछ धीमी हुई, फिर भी स्विगी शेयर 4.70 फीसदी की उछाल के साथ 270.10 रुपये पर क्लोज हुआ.
शेयर उछला, तो यहां पहुंचा MCap
इंस्टामार्ट से जुड़ी खबर के बीच स्विगी शेयर प्राइस में आए उछाल का असर कंपनी की मार्केट वैल्यू पर भी देखने को मिला है, जो बढ़कर 61,390 करोड़ रुपये हो गई है. बता दें कि Swiggy Stock का 52 वीक का हाई लेवल 474 रुपये है, जबकि इसका 52 सप्ताह का लो-लेवल 235.75 रुपये है.
स्विगी शेयर ने अपने निवेशकों को लंबे समय से निगेटिव रिटर्न दिया है. जहां पांच साल में इस स्टॉक की कीमत में करीब 28 फीसदी की गिरावट आई है, तो वहीं बीते एक साल में ये 33 फीसदी टूटा है. छह महीने में इस शेयर में 17 फीसदी की की गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, पिछले एक महीने से इसमें तेजी वापस देखने को मिली है और ये 14 फीसदी के आसपास उछल चुका है.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क