प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी (PM Modi Gifts Melody To PM Meloni) गिफ्ट क्या की, देश में तमाम ऑनलाइन क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स से इसका स्टॉक देखते ही देखते सोल्ड आउट हो गया. इसका एक और बड़ा असर देखने को मिला पारले इंडस्ट्रीज के शेयर पर जिसमें गुरुवार को भी अपर सर्किट लग गया. खुलने के साथ ही ये Parle Stock 5 फीसदी उछल गया. ये लगातार दूसरा दिन है जब इस कंपनी के शेयर में अपर सर्किट (Parle Industries Share Upper Circuit) लगा है. लेकिन यहां खास बात ये है कि इस कंपनी का मेलोडी टॉफी से कोई वास्ता नहीं है.
सोशल मीडिया पर 'Melody' ट्रेंड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले 'Melody' गिफ्ट का इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो शेयर किया और उन्हें थैंक्यू कहा . इसके बाद तो सोशल मीडिया पर 'मेलोडी' ट्रेंड चल पड़ा. बता दें कि इस चॉकलेट टॉफी को देश की दिग्गज कंपनी 'पारले प्रोडक्ट्स' ने बनाया है और इसे 80 के दशक में लॉन्च किया गया था.
1929 में स्थापित कंपनी पारले कंपनी अब तक शेयर बाजार में लिस्ट नहीं है और इसी की सब्सिडियरी है Parle Product. लेकिन पारले इंडस्ट्रीज लिमिटेड के नाम से एक दूसरी कंपनी शेयर मार्केट में लिस्टेड है और मेलोडी ट्रेंड के बाद लोग सिर्फ पारले नाम पर इस शेयर की ताबड़तोड़ खरीदारी करते हुए दिखे.
पारले शेयर खरीदने की मच गई होड़
बुधवार को जैसे ही पीएम मोदी द्वारा जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी गिफ्ट करने की खबर आई, Parle नाम वाली इस कंपनी के शेयर की खरीद अचानक बढ़ गई और 5 रुपये के इस शेयर देखते ही देखते अपर सर्किट लग गया. बीते कारोबारी दिन Parle Industries Stock अपर सर्किट के साथ 5.25 रुपये पर क्लोज हुआ था.
इसके बाद गुरुवार को भी इस पर मेलोडी की मिठास का असर जारी रहा और शेयर मार्केट में कारोबार की शुरुआत होने के साथ ही इस शेयर में फिर से 5 फीसदी का अपर सर्किट लगा. इस शेयर का भाव उछलकर 5.51 रुपये पर जा पहुंचा. इसका असर कंपनी के मार्केट कैपिटलाइजेशन पर भी देखने को मिला और ये बढ़कर 26.91 करोड़ रुपये हो गया.
सालभर से टूटते शेयर में आई जान
Parle Share की परफॉर्मेंस पर नजर डालें, तो ये बीते एक साल से लगातार टूटता जा रहा था और इस अवधि में 68 फीसदी के आस-पास फिसल चुका था. लेकिन मेलोडी की मिठास ने इस धराशायी स्टॉक में जान फूंक दी और ये रॉकेट की तरह भागने लगा. कंपनी कर्ज मुक्त होने के बाद भी ये शेयर लंबे समय से संभल नहीं पा रहा था.
टॉफी नहीं बनाती, फिर क्या करती है कंपनी?
पारले इंडस्ट्रीज के काम पर नजर डालें, तो इस कंपनी की स्थापना भी उसी 80 के दशक में हुई थी, जबकि पारले प्रोडक्ट ने मेलोडी टॉफी को लॉन्च किया था. Parle Industries इंफ्रा और रियल एस्टेट डेवलपमेंट सेक्टर की कंपनी है. जबकि Parle Products एक अलग प्राइवेट FMCG कंपनी है, जो Parle-G, Melody, Monaco, Hide & Seek जैसे ब्रांड बनाती है.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क