अफगानिस्तान से जंग के ऐलान के बाद पाकिस्तानी स्टॉक मार्केट में भारी गिरावट आई है. 27 फरवरी को पाकिस्तनी बाजार का मुख्य स्टॉक एक्सचेंज कराची -100 या केएसई-100 करीब 2 फीसदी टूट गया. हालांकि बाद में इसमें थोड़ी रिकवरी आई.
पाकिस्तानी स्टॉक मार्केट में भारी गिरावट तब आई, जब पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा कि अब पाकिस्तान खुलकर अफगानिस्तान के खिलाफ लड़ाई में शामिल हो गया है. इसके बाद ही दोनों देशों के बीच युद्ध की खबरें आने लगी. पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में गोले दागे तो वहीं अफगानिस्तान ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद शेयर बाजार में भारी बिकवाली आई.
जियो-पॉलिटिकल तनाव के बढ़ने से भारतीय शेयर बाजार में भी गिरावट हावी हुई. सेंसेक्स 961 अंक टूट गया और निफ्टी 317 अंक गिरकर बंद हुआ. पाकिस्तानी स्टॉक मार्केट में ऑटो एसेंबर्लस, सीमेंट, कमर्शियल बैंक्स के शेयरों में ज्यादा गिरावट रही.
3000 अंक गिरा KSE-100 इंडेक्स
KSE-100 इंडेक्स कारोबार के दौरान एक समय 3,081 प्वाइंट्स यानी 1.82 फीसदी गिरकर 1,65,811 पर पहुंच गया. बाद में यह काफी हद तक संभल गया और दोपहर बाद यह 0.5 फीसदी गिरकर 1,68,062 प्वाइंट्स पर था. ऑटोमोबाइल एसेंबर्लस, सीमेंट, कमर्शियल बैंक्स, फर्टिलाइजर्स और ऑयल एंड गैस एक्सप्लोरेशन स्टॉक्स में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली.
कुछ महीने पहले हुई थी दोनों देशों में सुलह
जंग से कुछ महीने पहले ही अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सुलह हुई थी, लेकिन अब दोनों देशों के बीच जंग छिड़ गई है. पाकिस्तानी अधिकारियों और अफगानिस्तान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के मुताबिक, पाकिस्तान ने दक्षिणी अफगानिस्तान के काबुल, कंधार और उत्तरपूर्व के कई प्रांत में हमले हुए हैं. वहीं अफगानिस्तान ने इस्लामाबाद में हमले किए हैं. अब दोनों देशों के बीच स्थिति गंभीर दिखाई दे रही है.
भारतीय शेयर बाजार में भी हाहाकार
अमेरिका-ईरान और अफगानिस्तान-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट आई है, जिस कारण शुक्रवार को बीएसई मार्केट कैपिटलाइजेशन में करीब 5 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई. कई हैवीवेट शेयर भी तेजी से गिरे. एफएमसीजी समेत बैंकिंग और अन्य इंडेक्स भी दबाव में दिखाई दिए.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले योग्य वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क