एआई का काम मिलते ही एक ग्रुप की तीन कंपनियों के शेयरों में शानदार खरीदारी देखी जा रही है. इन कंपनियों के शेयरों में 20 फीसदी तक की तेजी आई है. इन तीनों कंपनियों के शेयर अभी 2000 रुपये के ऊपर कारोबार करते हुए दिखाई दे रहे हैं.
दरअसल, सोमवार को किर्लोस्कर ऑयल इंजन्स (KOEL) ने बताया कि उसे हाइपरनेक्स्ट से 192 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता का ऑर्डर मिला है, जिसमें उसके 2500 kVA ऑप्टिप्राइम डुअल कोर पावर सिस्टम की 96 यूनिट्स शामिल हैं. कंपनी ने कहा कि यह कॉन्ट्रैक्ट भारत में हाइपरस्केल डेटा केंद्रों के लिए उच्च क्षमता वाले पावर सिस्टम की सबसे बड़ी तैनाती में से एक है.
यह तैनाती हाइपरनेक्स्ट के एआई इनेबल और हाइपरस्केल-रेडी डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर को सपोर्ट करेगी, जिसे क्लाउड कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मिशन-क्रिटिकल एंटरप्राइज वर्कलोड से बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए बनाया जा रहा है.कंपनी ने आगे कहा कि जैसे-जैसे हम अपने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार कर रहे हैं, विश्वसनीयता और प्रदर्शन हमारी डिजाइन फिलॉसफी के केंद्र में बने हुए हैं.
20 फीसदी तक चढ़े ये स्टॉक
कंपनी के इस ऐलान के बाद कंपनी के शेयरों में जबरदस्त खरीदारी हुई. देखते ही देखते ग्रुप के शेयरों में बड़ी उछाल आई. किर्लोस्कर ऑयल इंजन्स (KOEL) के शेयर 20 प्रतिशत बढ़कर 2,389.80 रुपये के अपर सर्किट पर पहुंच गए. इसके साथ ही ग्रुप की दो अन्य कंपनियों Kirloskar Pneumatic Company में 9 फीसदी और किलोस्कर ब्रदर्स में 11 फीसदी की तेजी रही, जो क्रमश: 2119 रुपये और 2135 रुपये पर कारोबार कर रहे थे.
ब्रोकरेज ने दिया टारगेट
किर्लोस्कर ऑयल इंजन्स (KOEL) को बड़ा ऑर्डर मिलने के बाद किलोस्कर के इसके शेयरों पर ब्रोकरेज फर्म जेएम फाइनेंशियल ने बड़ा टारगेट दे दिया. ब्रोकरेज फर्म ने स्टॉक को 'ऐड' से 'बाय' रेटिंग में अपग्रेड किया और इसका टारगेट प्राइस पहले के 1,955 रुपये से बढ़ाकर 2,430 रुपये कर दिया, जिससे निवेशकों का उत्साह और बढ़ गया.
कंपनी के लिए क्यों खास है ये ऑर्डर
KOEL के ग्लोबल पावरजेन बिजनेस के अध्यक्ष मदन पाटिल ने कहा कि यह ऑर्डर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर लीडर्स की ओर से KOEL की इंजीनियरिंग क्षमताओं और बड़े पैमाने पर विश्वसनीय, उच्च-प्रदर्शन वाले पावर सॉल्यूशन पेश करने की हमारी क्षमता में बढ़ते विश्वास को दिखता है.
कंपनी ने आगे कहा कि एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग और डेटा-इंटेंसिव एप्लीकेशन्स को तेजी से अपनाने से डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की अभूतपूर्व मांग बढ़ रही है, जिससे उन्नत बिजली उत्पादन समाधान डिजिटल अर्थव्यवस्था के एक महत्वपूर्ण घटक के रूप में स्थापित हो रहे हैं.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क