शेयर बाजार में मंगलवार को गिरावट देखने को मिली है. विदेशों से मिल रहे निगेटिव संकेतों के बीच सेंसेक्स-निफ्टी टूटकर ओपन हुए और लगातार रेड जोन में कारोबार कर रहे हैं. लेकिन इस गिरावट के बीच आईटी कंपनियों के शेयर गदर मचाकर अपने निवेशकों को तगड़ी कमाई करा रहे हैं. टाटा ग्रुप की कंपनी टीसीएस (TCS) से लेकर इंफोसिस (Infosys), एचसीएल टेक (HCL Tech), टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) जैसे स्टॉक्स तूफानी तेजी के साथ ट्रेड कर रहे हैं.
सेंसेक्स-निफ्टी में गिरावट जारी
सबसे पहले शेयर बाजार पर नजर डालते हैं, तो मंगलवार को Share Market की ओपनिंग गिरावट के साथ हुआ. बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स इंडेक्स बीते कारोबारी दिन सोमवार को 500 अंक से ज्यादा की गिरावट लेकर 74,267 के लेवल पर बंद हुआ था और मार्केट ओपन होने पर ये और भी फिसलकर 73,945 पर खुला. वहीं दूसरी ओर एनएसई का निफ्टी इंडेक्स भी लाल निशान पर खुलने के बाद करीब 140 अंक फिसल गया.
शेयर बाजार में गिरावट के बाद भी निफ्टी आईटी इंडेक्स (Nifty IT Index) लगातार चढ़ रहा है. ये मंगलवार को करीब 3% चढ़कर 30,680.75 पर पहुंच गया. वहीं इससे पिछले तीन कारोबारी दिनों में इसमें लगभग 6% का उछाल देखने को मिला है.
इन आईटी शेयरों में जोरदार तेजी
TCS Stock: आईटी स्टॉक रैली पर नजर डालें, तो बीएसई की लार्जकैप कंपनियों में शामिल TCS Share ओपनिंग के साथ ही 6 फीसदी से ज्यादा की तेजी लेकर 2444 रुपये पर पहुंच गया. इस तेजी के चलते टाटा ग्रुप (Tata Group) की इस कंपनी की मार्केट वैल्यू बढ़कर 8.81 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई.
Infosys Stock: देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी इंफोसिस के शेयर में भी तूफानी तेजी का सिलसिला जारी है. Infosys Share मंगलवार को 6 फीसदी से ज्यादा चढ़कर 1276.90 रुपये पर पहुंच गया. इसका मार्केट कैप भी बढ़कर 5.15 लाख करोड़ रुपये हो गया.
HCL Tech Stock: लिस्ट में अगला बड़ा नाम एचसीएल टेक शेयर का है, जो खबर लिखे जाने तक 5% से ज्यादा की उछाल के साथ 1257 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रहा था. इसका मार्केट कैप भी उछलकर 3.37 लाख करोड़ रुपये हो गया.
Tech Mahindra Stock: लार्जकैप लिस्ट में दिग्गज आईटी कंपनियों में अगला बड़ा नाम टेक महिंद्रा का है और इसका स्टॉक भी 3 फीसदी से ज्यादा चढ़कर 1589 रुपये पर पहुंच गया, जबकि इसकी मार्केट वैल्यू भी बढ़कर 1.55 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई.
Coforge Stock: मिडकैप में शामिल कोफोर्ज शेयर भी गदर मचाए हुए है. बाजार ओपन होने के साथ ये 1472 रुपये पर खुला और फिर अगले ही पल करीब 7% की तेजी लेकर 1552 रुपये पर जा पहुंचा. इसकी मार्केट वैल्यू भी बढ़कर 9590 करोड़ रुपये हो गई.
Mphasis Stock: आईटी सेक्टर की अन्य कंपनियों में ये स्टॉक भी शामिल है, जिसमें जोरदार 5 फीसदी के आसपास की तेजी देखने को मिली है. ये शेयर शुरुआती कारोबार के दौरान ही उछलकर 2430.50 रुपये पर जा पहुंचा और इसका मार्केट कैप 46070 करोड़ रुपये हो गया.
Persistent Systems Stock: परसिस्टेंट सिस्टम लिमिटेड के शेयर में भी तूफानी तेजी आई. इस शेयर का भाव अचानक 500 रुपये से ज्यादा चढ़ गया और स्टॉक प्राइस 5612 रुपये पर पहुंच गया. इस तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैपिटल 86760 करोड़ रुपये पर पहुंच गया.
IT शेयरों में इतनी तेजी क्यों?
शेयर बाजार टूटने के बाद भी आईटी शेयरों में हालिया दिनों में आई तेजी के पीछे के कारणों की बात करें, तो AI पर खर्च को लेकर आशावाद और मजबूत डिमांड सबसे ऊपर है. अमेरिका में क्लाउड सॉफ्टवेयर कंपनी स्नोफ्लेक ने उम्मीद से बेहतर नतीजे पेश किए हैं.
इनसे निवेशकों में भरोसा जागा है कि वैश्विक विकास में मंदी (Recession In Global Growth) की चिंताओं के बावजूद सॉफ्टवेयर, क्लाउड सेवाओं और एआई पर खर्च स्वस्थ बना हुआ है. भारतीय आईटी कंपनियों के लिए यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उनके कारोबार का एक बड़ा हिस्सा विदेशों से, खासतौर पर नॉर्थ अमेरिका से जुड़ा है.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें.)
आजतक बिजनेस डेस्क