शेयर बाजार में एक स्टॉक में बड़ी गिरावट देखी जा रही है. कुछ ट्रेडिंग ऐप पर ये स्टॉक 50 फीसदी तक टूट चुका है. हम जिस शेयर की बात कर रहे हैं, उसका नाम किर्लोस्कर न्यूमेटिक है.
मल्टीबैगर स्टॉक किर्लोस्कर न्यूमेटिक कंपनी लिमिटेड के शेयरों में आज 50 फीसदी की गिरावट इसलिए दिखाई दे रही है, क्योंकि ये शेयर एक्स स्प्लिट हुए हैं. इसका फेस वैल्यू 2 रुपये से घटकर 1 रुपये पर आ गया है.
किर्लोस्कर न्यूमेटिक ने एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी देते हुए कहा कि आपको सूचित किया जाता है कि कंपनी ने 18 अगस्त, 2026, मंगलवार की तारीख को रिकॉर्ड डेट तय किया है. इसके तहत एक शेयर के बदले दो शेयर निवेशकों को दिए जाएंगे.
इसका मतलब ये नहीं है कि उनके निवेश की गई रकम कम होगी. बल्कि वह रकम, शेयर दोगुनी होने के कारण बंट जाएगी. मान लीजिए अगर आपके पास इस कंपनी के 10 शेयर 18 अगस्त से पहले थे, तो अब आपके पास 20 शेयर हो जाएंगे. लेकिन आपकी निवेश की गई रकम उतनी ही रहेगी. बस हर शेयर की कीमत आधी हो जाएगी.
किर्लोस्कर न्यूमेटिक कंपनी के शेयर सोमवार को 1,532.40 रुपये पर बंद हुए और मंगलवार को स्टॉक स्प्लिट 766.05 रुपये पर खुले. संभव है कि कुछ ब्रोकरेज फर्मों के ट्रेडिंग ऐप पर ये 50 फीसदी की गिरावट दिखा रहा हो.
स्टॉक स्प्लिट के बाद किर्लोस्कर न्यूमेटिक कंपनी के शेयर मंगलवार को एक प्रतिशत से अधिक गिरकर 757.75 रुपये पर आ गए, जिससे इसका मार्केट कैपिटल 10,000 करोड़ रुपये से नीचे आ गया. ये शेयर अभी 2 मार्च, 2026 को 52-सप्ताह के निचले स्तर 477.50 रुपये से 60 प्रतिशत से अधिक ऊपर है.
किर्लोस्कर न्यूमेटिक विशेष औद्योगिक उपकरणों का डिजाइन और निर्माण करती है, जिनमें वायु और गैस कंप्रेसर, एयर कंडीशनिंग और रेफ्रिजरेशन सिस्टम, प्रोसेस गैस सिस्टम और मैकेनिकल पावर ट्रांसमिशन यूनिट (जैसे औद्योगिक गियरबॉक्स) शामिल हैं. उनके उत्पाद तेल और गैस, रेलवे, डिफेंस और सामान्य विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में उपयोग किए जाते हैं.
(नोट- किसी भी शेयर में निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)