चलती ट्रेन में सरकारी अफसर बनकर 2 किलो सोना ठगा, बरेली से 3 आरोपी गिरफ्तार

बिहार के भभुआ रोड स्टेशन के पास चलती ट्रेन में सरकारी अधिकारी बनकर ठगों ने ज्वेलरी कारोबारी के कर्मचारी से 2.06 किलोग्राम सोना ठग लिया था. करीब 2.92 करोड़ रुपये के इस सोना कांड में रेल पुलिस ने बरेली से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 612.74 ग्राम सोना और चार मोबाइल फोन मिले हैं.

Advertisement
612 ग्राम सोना बरामद.(Photo: Pankaj Kumar/ITG) 612 ग्राम सोना बरामद.(Photo: Pankaj Kumar/ITG)

पंकज कुमार

  • गया,
  • 01 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 10:27 PM IST

बिहार के गया में ट्रेन के अंदर सरकारी अधिकारी बनकर सोना ठगने वाले गिरोह का रेल पुलिस ने खुलासा किया है. ठगों ने भभुआ रोड स्टेशन के पास कोलकाता जा रहे एक ज्वेलरी कारोबारी के कर्मचारी को कार्रवाई और जेल भेजने का डर दिखाकर उससे करीब 2.06 किलोग्राम सोना ठग लिया था. इस सोने की कीमत करीब 2 करोड़ 92 लाख 87 हजार 600 रुपये बताई गई थी. मामले में रेल पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बरेली से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 612.74 ग्राम सोना और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.

Advertisement

दरअसल, यह घटना उस समय हुई, जब ज्वेलरी कारोबारी संजय कुमार खंडेलवाल का कर्मचारी सचिन गंगवार ट्रेन से कोलकाता जा रहा था. भभुआ रोड स्टेशन के पास कुछ लोगों ने खुद को सरकारी अधिकारी बताया और उसके पास रखे सोने के बारे में पूछताछ शुरू कर दी. आरोपियों ने कर्मचारी को कार्रवाई करने और जेल भेजने की धमकी दी.

यह भी पढ़ें: 21 साल की युवती, 3 आदमी और फ्लैट... छापा पड़ा तो एक आरोपी भाग गया, लातूर में पकड़ा गया रैकेट

इतना ही नहीं, ठगों ने कर्मचारी को यह डर भी दिखाया कि उसके मालिक संजय कुमार खंडेलवाल के घर पर छापेमारी की जाएगी. इस दबाव में आकर सचिन ने अपने पास रखा करीब 2.06 किलोग्राम सोना उनके हवाले कर दिया. इसके बाद आरोपी सोना लेकर फरार हो गए.

कर्मचारी भी निकला साजिश में शामिल

Advertisement

घटना के बाद ज्वेलरी कारोबारी संजय कुमार खंडेलवाल ने 24 अक्टूबर 2026 को भभुआ रेल थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई. उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके कर्मचारी से करीब 2.06 किलोग्राम सोना ठगा गया है, जिसकी कीमत लगभग 2 करोड़ 92 लाख 87 हजार 600 रुपये है.

​

मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस अधीक्षक ने जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए और उनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई. इसी दौरान पता चला कि कारोबारी के यहां काम करने वाला कर्मचारी सचिन गंगवार भी इस साजिश में शामिल था. वह ज्वेलरी कारोबारी के यहां 15 हजार रुपये महीने की तनख्वाह पर काम करता था.

जांच में मिले सुरागों के आधार पर रेल पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बरेली में छापेमारी की. बरेली पुलिस के सहयोग से सरकारी अधिकारी बनकर सोना ठगने वाले तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपियों के पास से ठगे गए सोने में से 612.74 ग्राम बरामद हुआ है. इसके अलावा चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.

रेल डीएसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी

इस पूरे मामले को लेकर रेल डीएसपी गुलशन कुमार ने गया जंक्शन स्थित रेल थाना में बताया कि 24 अक्टूबर 2026 को संजय कुमार खंडेलवाल ने भभुआ रोड रेल थाना में लिखित शिकायत दी थी. शिकायत में बताया गया था कि उनका कर्मचारी कोलकाता से ट्रेन के जरिए लौट रहा था, तभी भभुआ रोड के पास कुछ अज्ञात लोगों ने खुद को सरकारी पदाधिकारी बताकर उसके पास रखा सोना ठग लिया.

Advertisement

डीएसपी के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद रेल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बरेली पुलिस की मदद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. उनके पास से ठगे गए सोने में से 612.74 ग्राम बरामद किया गया है.

गुलशन कुमार ने बताया कि इस कांड में शामिल कुछ अन्य लोगों की गिरफ्तारी अभी बाकी है. उनकी तलाश में भी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस पूरे गिरोह और सोने की ठगी में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »