'जितनी फोर्स बुला लें, किसी कीमत पर खाली नहीं करूंगी सरकारी आवास', राबड़ी देवी का ऐलान

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को सरकारी आवास '10 सर्कुलर रोड' खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया है. इस मामले में जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने इसे खाली करने से साफ इनकार कर दिया. राबड़ी देवी ने कहा कि सम्राट चौधरी जितना भी फोर्स बुलाकर मकान खाली करवाना चाहें, वह मकान खाली नहीं करेंगी.

Advertisement
राबड़ी देवी ने कहा- 'सम्राट चौधरी जितना भी फोर्स बुलाकर मकान खाली करवाना चाहें, मैं मकान नहीं खाली करूंगी.' (Photo- ITG) राबड़ी देवी ने कहा- 'सम्राट चौधरी जितना भी फोर्स बुलाकर मकान खाली करवाना चाहें, मैं मकान नहीं खाली करूंगी.' (Photo- ITG)

शशि भूषण कुमार

  • पटना,
  • 30 मई 2026,
  • अपडेटेड 3:05 PM IST

बिहार सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को उनके सरकारी आवास '10 सर्कुलर रोड' खाली करने का अल्टीमेटम दिया है. वहीं, राबड़ी देवी ने इसे खाली करने से साफ मना कर दिया है. इस मुद्दे को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है.

पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बिहार सरकार को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वह किसी भी कीमत पर अपना आवास खाली नहीं करेंगी. राबड़ी देवी के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में नई बहस शुरू हो गई है.

Advertisement

राबड़ी देवी अपने पोते इराज के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के बाद पटना लौटी थीं. एयरपोर्ट पर पत्रकारों द्वारा सरकारी आवास खाली करने के आदेश को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, 'सम्राट चौधरी जितना भी फोर्स बुलाकर मकान खाली करवाना चाहें, मैं मकान नहीं खाली करूंगी.'

बीजेपी ने दी प्रतिक्रिया

बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, राबड़ी देवी जी, यह जंगलराज नहीं है, यहां कानून का पालन करना होगा. इलाज कराने के लिए सिंगापुर जाते हैं, पोते का जन्मदिन मनाने के लिए दिल्ली जाते हैं, और जब लूटने की बारी आती है तो बिहार चले आते हैं. यह सब नहीं चलने वाला है, कानून का सम्मान करना होगा.

नीरज कुमार ने आगे कहा, 'आखिर 10 सर्कुलर रोड में कौन सा खजाना छुपा कर रखा है लालू परिवार ने? अगर खजाना छिपा भी होगा तो बिहार पुलिस उसे खोजकर निकाल लेगी.'

Advertisement

बिहार के डिप्टी सीएम और जेडीयू नेता विजय कुमार चौधरी ने भी राबड़ी देवी के बयान पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, इस मामले में जो नियम हैं, उनका पालन करना होगा. कानून के मुताबिक ही काम होते हैं और सभी लोगों को नियमों का पालन करना चाहिए.

बीजेपी के राज्यसभा सांसद भीम सिंह ने राबड़ी देवी के बयान को टकराव पैदा करने वाला बताया. उन्होंने कहा, राबड़ी देवी बिहार की मुख्यमंत्री रही हैं, उन्हें ऐसा बयान नहीं देना चाहिए. पूरी बिहार पुलिस की भी जरूरत नहीं है, एक दरोगा जाकर आवास खाली करा देगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »