पटना में युवक के अपहरण पर फूटा गुस्सा, आक्रोशित भीड़ ने जाम की सड़क, मौके पर पहुंचे प्रशांत किशोर

पटना के न्यू करबिगहिया क्षेत्र में 25 वर्षीय युवक के अपहरण के बाद परिजन और स्थानीय लोग सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

Advertisement
पटना में युवक के अपहरण के बाद बवाल. (photo: ITG) पटना में युवक के अपहरण के बाद बवाल. (photo: ITG)

सुजीत कुमार

  • पटना,
  • 08 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 12:07 PM IST

पटना के कोतवाली थाना अंतर्गत न्यू करबिगहिया क्षेत्र में रहने वाले 25 वर्षीय युवक बंटी का अज्ञात अपराधियों द्वारा अपहरण कर लिए जाने के विरोध में नाराज परिजनों और सैकड़ों स्थानीय लोगों ने मंगलवार 7 जुलाई को न्यू करबिगहिया सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया. आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर आगजनी करते हुए पिछले एक घंटे से प्रदर्शन किया, जिससे पूरे क्षेत्र का यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है. 

Advertisement

वहीं, अपहृत युवक की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर चल रहे इस उग्र प्रदर्शन के बीच, जब इस बारे में जनसुराज संस्थापक प्रशांत किशोर को जानकारी मिली तो वह विरोध स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की.

पुलिस अधिकारी कृष्ण मुरारी ने बताया कि सात जुलाई को कोतवाली थानांतर्गत एक 25 वर्षीय युवक के अपहरण की सूचना मिली थी. इस संबंध में युवक की मां के द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है जो मूल रूप से करबिगहिया जकरपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं. शिकायतकर्ता ने दो लोगों और 7-8 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपने बेटे का अपहरण करने का आरोप लगाया है.

पुलिस ने बताया, शुरुआती जांच में ये भी सामने आया है कि कुछ दिनों पहले इन लोगों की बीच लड़ाई-झगड़ा हुआ था. इसी को लेकर ये अपहरण की घटना को अंजाम दिया गया है. शिकायत के आधार पर वारदात में संलिप्त एक व्यक्ति को डिटेन (हिरासत में) कर लिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पदाधिकारियों के कड़े निर्देशन में एक विशेष जांच टीम का गठन कर दिया गया है.

Advertisement

पुलिस अधिकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए संदिग्ध व्यक्ति की निशानदेही के आधार पर पुलिस की टीमें अन्य संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस प्रशासन ने दावा किया है कि अपहृत युवक की सकुशल बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही मामले का पूरी तरह खुलासा कर दिया जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »