बिहार की राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित यौन शोषण का मामला सामने आने के बाद इलाके में चिंता और आक्रोश का माहौल है. आरोप गांव के ही एक होम ट्यूशन पढ़ाने वाले शिक्षक पर लगा है. परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
जानकारी के अनुसार मनेर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली नाबालिग छात्रा अपने ही गांव में एक शिक्षक के पास होम ट्यूशन पढ़ने जाया करती थी. आरोप है कि इसी दौरान शिक्षक ने उसे बहला-फुसलाकर उसके साथ गलत हरकत की. जब छात्रा ने यह बात अपने परिजनों को बताई तो परिवार के लोग तुरंत मनेर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर ली. साथ ही घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया, ताकि जरूरी साक्ष्य जुटाए जा सकें. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी.
मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि एक बच्ची के साथ गांव के ही होम ट्यूशन पढ़ाने वाले शिक्षक पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए आवेदन प्राप्त हुआ है. आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है. उन्होंने यह भी बताया कि पीड़ित छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस के अनुसार एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र कर रही है, जिससे जांच को मजबूत आधार मिल सके. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
मनोज कुमार सिंह