Bihar: घर से निकली 10 साल की बच्ची कंबल में लिपटी मिली, छात्रा की हत्या से बवाल

पटना सिटी में 10 वर्षीय छात्रा रोशनी कुमारी की संदिग्ध हालात में हत्या का मामला सामने आया है. दूध देने निकली बच्ची का शव 24 घंटे बाद कंबल में लिपटा मिला. परिजनों ने NH-30 जाम कर आगजनी की. पुलिस ने डॉग स्क्वॉड, एफएसएल और सीसीटीवी जांच शुरू की है. SDPO ने कहा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या की वजह स्पष्ट होगी.

Advertisement
24 घंटे बाद मिला शव.(Photo: Screengrab) 24 घंटे बाद मिला शव.(Photo: Screengrab)

राजेश कुमार झा

  • पटना,
  • 23 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:57 PM IST

बिहार के पटना सिटी में 10 साल की नाबालिग छात्रा की संदिग्ध हालात में लाश मिलने से सनसनी फैल गई. छात्रा की डेड बॉडी एक गली में कंबल में लिपटी हुई बरामद हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने NH-30 को जाम कर टायर जलाकर आगजनी की और जमकर विरोध प्रदर्शन किया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

Advertisement

बताया जा रहा है कि छात्रा बुधवार सुबह स्कूल ड्रेस पहनकर घर से पास में दूध देने के लिए निकली थी. इसके बाद उसे स्कूल जाना था, लेकिन वह न तो स्कूल पहुंची और न ही घर लौटी. देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने चिंता जताई और उसी दिन बाईपास थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी.

यह भी पढ़ें: 'पटना में हॉस्टल की लड़कियां नेताओं को परोसी जाती हैं', पप्पू यादव का सनसनीखेज आरोप

करीब 24 घंटे बाद छात्रा की लाश बाहरी बेगमपुर सती चौरा के पास एक गली में कंबल में लिपटी संदिग्ध हालत में फेंकी हुई मिली. शव बरामद होने के बाद इलाके में भारी भीड़ जुट गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

Advertisement

शव पर जख्म के निशान, हत्या की आशंका

पटना सिटी के SDPO-2 डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में छात्रा की निर्मम हत्या की आशंका सामने आई है. शव पर जख्म के निशान पाए गए हैं. पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है और मामले को गंभीरता से लिया गया है.

जांच के लिए डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के तरीके का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई.

अवैध शराब का आरोप

स्थानीय लोगों ने पुलिस के सामने आरोप लगाया कि इलाके में घर-घर अवैध शराब की बिक्री होती है. लोगों का कहना है कि पुलिस को कई बार सूचना देने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई. उनका आरोप है कि नशे के माहौल के कारण ही इस तरह की घटना हुई है और इलाके में अवैध शराब पर रोक लगनी चाहिए.

मृतका की मां विभा देवी ने रोते हुए कहा कि जिसने भी उनकी बेटी की हत्या की है, उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए. परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement