मुजफ्फरपुर में जमीन विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है. वीडियो सामने आने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक ने मामले में संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
घटना मुसहरी थाना क्षेत्र के पहलादपुर गांव (वार्ड संख्या 10) की है, जहां जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच पहले से तनाव बना हुआ था. विवादित जमीन को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी) के न्यायालय द्वारा धारा 163 लागू की गई थी. इसके बावजूद इलाके में विवाद थमता नहीं दिख रहा था.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में 20 लाख की लूट, ज्वेलरी कारोबारी से आभूषण से भरा बैग लूटकर फरार हुए बदमाश
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष के लोगों को बंधक बनाकर विवादित जमीन पर निर्माण कार्य किया जा रहा है. सूचना मिलते ही मुसहरी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बंधक बनाए गए लोगों को छुड़ाने के साथ स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया.
पुलिस टीम पर अचानक हमला
बताया जा रहा है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान एक महिला अपने कुछ सहयोगियों के साथ अचानक उग्र हो गई. आरोप है कि महिला और उसके साथ मौजूद लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया और माहौल तनावपूर्ण हो गया.
आरोप यह भी है कि पुलिस पर कुदाल से हमला करने की कोशिश की गई, जिसे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह रोक लिया. हालांकि इसके बावजूद महिला और उसके सहयोगियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार जारी रखा.
घटना के दौरान एक पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़कर बदसलूकी किए जाने की बात भी सामने आई है. इस पूरे घटनाक्रम ने मौके पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया.
वायरल वीडियो के बाद हुई कार्रवाई
घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है.
मामले को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पहलादपुर गांव में दो परिवारों के बीच जमीन विवाद चल रहा था और उक्त जमीन पर धारा 163 लागू थी. इसके बावजूद बंधक बनाकर निर्माण कार्य किए जाने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी.
उन्होंने कहा कि पुलिस के साथ अभद्रता और हमले के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
मणि भूषण शर्मा