बांकीपुर में बिहार की सबसे बड़ी राजनीतिक जंग, प्रशांत किशोर ने किया चुनाव लड़ने का ऐलान

प्रशांत किशोर ने दावा किया कि बांकीपुर की जनता सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने से नाराज है. प्रशांत किशोर का यह ऐलान इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने खुद चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया था.

Advertisement
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर लगातार सीएम सम्राट चौधरी पर निशाना साध रहे हैं (File Photo: PTI) जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर लगातार सीएम सम्राट चौधरी पर निशाना साध रहे हैं (File Photo: PTI)

रोहित कुमार सिंह

  • पटना,
  • 26 जून 2026,
  • अपडेटेड 4:50 PM IST

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है. आजतक से एक्सक्लूसिव बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने ऐलान किया कि अगर पार्टी की सहमति होगी तो वह बांकीपुर से चुनाव लड़ने के लिए तैयार है.

उन्होंने इस उपचुनाव को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यकाल का पहला जनमत संग्रह बताते हुए कहा कि यह चुनाव सिर्फ एक विधानसभा सीट का नहीं, बल्कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व और सरकार के कामकाज पर जनता के फैसले का चुनाव होगा.

Advertisement

प्रशांत किशोर ने दावा किया कि बांकीपुर की जनता सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने से नाराज है. उनका कहना है कि लोगों का मानना है 2025 बिहार विधानसभा चुनाव में बांकीपुर की जनता ने वोट सम्राट चौधरी के लिए नहीं, बल्कि नीतीश कुमार के नाम पर दिया था.

उन्होंने कहा, 'अगर मेरे चुनाव लड़ने से भाजपा बांकीपुर जैसी मजबूत सीट हारती है, तो मैं चुनाव लड़ने के लिए तैयार हूं.'

बता दें कि प्रशांत किशोर का यह ऐलान इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने खुद चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया था. उस समय उन्होंने कहा था कि अगर वह चुनाव लड़ेंगे तो पूरे बिहार में जन सुराज के उम्मीदवारों के लिए प्रचार नहीं कर पाएंगे. इसी वजह से उन्होंने किसी भी सीट से चुनाव नहीं लड़ा.

Advertisement

राज्य के चुनाव से पहले उन्होंने यह भी कहा था कि अगर कभी चुनाव लड़ेंगे तो अपने गृह क्षेत्र करगहर से लड़ सकते हैं. बाद में राघोपुर से तेजस्वी यादव के खिलाफ चुनाव लड़ने की चर्चा भी हुई, लेकिन उन्होंने वहां से भी चुनाव नहीं लड़ा. अब बांकीपुर से चुनाव लड़ने की घोषणा को उनकी बदली हुई राजनीतिक रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है. इस बार सिर्फ एक सीट पर उपचुनाव होना है, इसलिए प्रशांत किशोर खुद मैदान में उतरकर अपनी राजनीतिक ताकत भी आजमाना चाहते हैं.

गौरतलब है कि अगर प्रशांत किशोर बांकीपुर से चुनाव लड़ते हैं तो यह मुकाबला सिर्फ भाजपा और जन सुराज के बीच नहीं रहेगा. यह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व की पहली बड़ी चुनावी परीक्षा और प्रशांत किशोर की व्यक्तिगत राजनीतिक स्वीकार्यता की भी सबसे बड़ी कसौटी होगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »