लग्जरी कार में भर लीं 7 बकरियां, फिर गाड़ी छोड़कर भागे चोर... रोहतास में सामने आई अजब-गजब कहानी

लोग लग्जरी गाड़ी में परिवार को घुमाने निकलते हैं. लेकिन बिहार के रोहतास में एक सफारी कार का इस्तेमाल ऐसा हुआ कि पुलिस भी हैरान रह गई. यहां चोर बकरियां चुराकर उन्हें किसी पिकनिक ट्रिप की तरह लग्जरी गाड़ी में भरकर ले जा रहे थे. लेकिन पुलिस ने पीछा किया तो पूरी कहानी सामने आ गई.

Advertisement
लग्जरी कार में भरी मिलीं सात बकरियां. (Photo: Screengrab) लग्जरी कार में भरी मिलीं सात बकरियां. (Photo: Screengrab)

रंजन कुमार 

  • रोहतास,
  • 17 जून 2026,
  • अपडेटेड 8:56 AM IST

बकरी चोरी की खबरें आपने पहले भी सुनी होंगी. लेकिन क्या कभी सुना है कि चोर बकरियां चुराने के लिए लग्जरी कार लेकर पहुंचे हों? बिहार के रोहतास से आई यह कहानी कुछ ऐसी ही है. यहां चोरों ने पहले गांव से बकरियां चुराईं, फिर उन्हें कार में भरकर निकल पड़े. शायद उन्हें लगा होगा कि लग्जरी गाड़ी देखकर किसी को शक नहीं होगा. लेकिन पुलिस को भनक लग गई और फिर शुरू हुआ पीछा. आखिर में चोर तो भाग निकले, लेकिन उनकी सफारी कार और उसमें सातों बकरियां पुलिस के हाथ लग गईं.

Advertisement

मामला अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र का है. पुलिस का कहना है कि चिरैयाडीह गांव से पांच और बाघाखोह गांव से दो बकरियां चोरी की गई थीं. बकरी मालिक लाल बिहारी यादव ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ लोग उनकी बकरियां लेकर भाग गए हैं. चोर किसी पिकअप या ट्रक में नहीं, बल्कि एक लग्जरी सफारी कार में सवार थे.

सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई. आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी गई और संदिग्ध गाड़ी की तलाश शुरू हो गई. कुछ ही देर में पुलिस को सफारी कार का सुराग मिल गया. इसके बाद पुलिस ने पीछा शुरू कर दिया.

पुलिस की गाड़ियां पीछे थीं और सामने बकरियों से भरी सफारी कार... लेकिन जैसे-जैसे पुलिस करीब पहुंची, चोरों की मुश्किल बढ़ती गई. आखिरकार तेतराढ़ के पास आरोपियों ने गाड़ी को नहर किनारे गड्ढे में छोड़ दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.

Advertisement

यह भी पढ़ें: बकरी चोर गैंग पर बांदा पुलिस का बड़ा एक्शन... मुठभेड़ में 7 बदमाश गिरफ्तार, 3 को लगी गोली

जब पुलिस मौके पर पहुंची तो गाड़ी के अंदर सात बकरियां मौजूद थीं. पुलिस ने सभी बकरियों को सुरक्षित बाहर निकाला और कब्जे में ले लिया. जांच में पता चला कि बरामद कार पटना नंबर की है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गाड़ी किसकी है, चोरी में कितने लोग शामिल थे और क्या यह गिरोह पहले भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम देता रहा है.

अकोढ़ीगोला थानाध्यक्ष राकेश गोसाई का कहना है कि बकरियां बरामद कर ली गई हैं और फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है. जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. गांव वालों का कहना है कि अब तक उन्होंने बाइक, ऑटो और पिकअप वाले चोरों के बारे में सुना था, लेकिन बकरी चोरी के लिए लग्जरी SUV का इस्तेमाल पहली बार देखा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »