बिहार: रोते हुए पिता ने लगाया आरोप, धर्म परिवर्तन से इनकार पर ले ली गई बेटी की जान

दरभंगा के कुशेश्वरस्थान में दलित नाबालिग लड़की का संदिग्ध हाल में शव मिलने से सनसनी फैल गई. पिता ने धर्म परिवर्तन के दबाव और हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और जांच जारी है. पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा.

Advertisement
दलित नाबालिग लड़की का संदिग्ध हाल में मिला शव (Photo: Screengrab) दलित नाबालिग लड़की का संदिग्ध हाल में मिला शव (Photo: Screengrab)

प्रह्लाद कुमार

  • दरभंगा ,
  • 13 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:04 PM IST

दरभंगा के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र में एक दलित परिवार की नाबालिग लड़की का संदिग्ध हाल में शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा था और जब उसने इस्लाम धर्म अपनाने से इनकार किया तो उसकी हत्या कर दी गई. पिता ने यह भी दावा किया कि उन्हें पहले भी इस तरह की जानकारी मिल रही थी कि उनकी बेटी पर दबाव बनाया जा रहा है. घटना के बाद से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. 

Advertisement

परिजनों के अनुसार, लड़की इस वर्ष 13 जनवरी को घर से कुशेश्वरस्थान बाजार जाने के लिए निकली थी, लेकिन वह वापस नहीं लौटी. इसके बाद परिवार ने उसकी काफी तलाश की और थाने में भी लिखित शिकायत दी थी. परिवार का आरोप है कि गांव के ही मोहम्मद साबिर और गुलशन खातून के बेटे पर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का शक था.

 नाबालिग लड़की का संदिग्ध शव मिलने से हड़कंप
 

परिजनों का कहना है कि बाद में आरोपी पक्ष ने भरोसा दिलाया था कि लड़की जैसे ही वापस आएगी, उसे सुरक्षित परिवार को सौंप दिया जाएगा. लेकिन लंबे समय तक लड़की का कोई सुराग नहीं मिला. बाद में पता चला कि वह कथित रूप से आरोपी के घर में ही रह रही थी. आज अचानक लड़की का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया. परिवार ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को दो महीने के भीतर ही मार दिया गया. वहीं, एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है.

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही प्रभागकर तिवारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. एसडीपीओ ने बताया कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि यह हत्या है या आत्महत्या. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी. उन्होंने यह भी कहा कि उम्र सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है और प्रथम दृष्टया लड़की नाबालिग प्रतीत होती है.

पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया

इसी बीच परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस को पहले लिखित शिकायत दी गई थी, जबकि पुलिस का कहना है कि थाने में ऐसी कोई शिकायत दर्ज नहीं है. इस पूरे मामले की भी जांच की जा रही है. वहीं, घटना के बाद जब परिजन और रिश्तेदार आरोपी के घर पहुंचे तो वहां विवाद हो गया और आरोपी पक्ष के एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है और मामले में हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है. इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »