बेटे की शादी से दो दिन पहले पिता की हत्या, कार्ड बांटने निकले थे, दुकानदार ने रंजिश में घोंट दिया गला

बिहार के दरभंगा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां बेटे की शादी के कार्ड बांटने निकले पिता की बेरहमी से हत्या कर दी गई. एक मई को घर में शहनाई बजनी थी, लेकिन उससे पहले ही खुशियां मातम में बदल गईं. जिस घर से बेटे की बारात निकलनी थी, वहां अब पिता की अर्थी उठी है.

Advertisement
दो दिन बाद घर में थी बेटे की शादी. (Photo: ITG) दो दिन बाद घर में थी बेटे की शादी. (Photo: ITG)

प्रह्लाद कुमार

  • दरभंगा,
  • 30 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:45 AM IST

बिहार के दरभंगा जिले से सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां एक परिवार में बेटे की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. जिस घर में एक मई को शहनाई बजनी थी, वहां अब रोने-बिलखने की आवाजें गूंज रही हैं. बेटे की शादी का कार्ड बांटने निकले पिता की हत्या कर दी गई.

मृतक की पहचान रानीपुर गांव निवासी बबलू यादव के रूप में हुई है. बबलू यादव अपने बड़े बेटे सोनू की शादी की तैयारियों में जुटे थे. घर में रिश्तेदार पहुंच चुके थे. हर तरफ खुशी का माहौल था. एक मई को शादी होनी थी. इसी बीच मंगलवार शाम बबलू यादव गांव और आसपास के लोगों को शादी का कार्ड देने साइकिल से निकले थे.

Advertisement

परिवार वालों ने सोचा कि वह थोड़ी देर में लौट आएंगे. लेकिन रात काफी हो गई और बबलू यादव घर नहीं पहुंचे. इसके बाद परिवार की चिंता बढ़ गई. परिजनों ने उन्हें कॉल किया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया. फिर परिवार और गांव के लोग उनकी तलाश में निकल पड़े.

काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी. अगली सुबह बबलू यादव की साइकिल लावारिस हालत में मिली. परिवार को किसी अनहोनी की आशंका हुई.

यह भी पढ़ें: सीवान में BJP के पूर्व MLC के भांजे की हत्या, रोड रेज में बरसाईं गोलियां; वीडियो आया सामने

परिजनों को पहले से ही चंदन यादव पर शक था. चंदन यादव बबलू यादव का पड़ोसी था. बबलू पहले चंदन की पेंट की दुकान पर काम करते थे. कुछ समय पहले चंदन ने वहां काम छोड़ दिया था और गांव में अपनी अलग दुकान खोल ली थी.

Advertisement

यही बात चंदन को पसंद नहीं आई. बबलू के अलग कारोबार शुरू करने के बाद चंदन की दुकान पर असर पड़ने लगा. इसी वजह से दोनों के बीच कई बार कहासुनी भी हुई थी. परिवार वालों का कहना है कि चंदन अक्सर बबलू को धमकाता था.

जब पुलिस को यह जानकारी मिली तो पुलिस ने तुरंत चंदन यादव को कस्टडी में ले लिया. पूछताछ में पहले तो वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने जुर्म कबूल कर लिया.

चंदन ने बताया कि उसने रंजिश के चलते बबलू यादव की हत्या की. उसने गमछे से बबलू का गला दबा दिया. हत्या के बाद शव अपने पेंट गोदाम में छिपा दिया.

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र के बेलादुल्ला मोहल्ले में स्थित उसके गोदाम से बबलू यादव का शव बरामद कर लिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

दरभंगा सदर के एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या की वजह कारोबारी रंजिश सामने आई है. आरोपी चंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है. उससे पूछताछ की जा रही है.

इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है. बबलू यादव के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब सन्नाटा छाया हुआ है.

Advertisement

मृतक के छोटे बेटे ने बताया कि उनके पिता मेहनती और मिलनसार व्यक्ति थे. उन्होंने मेहनत से खुद का कारोबार शुरू किया था. इसी बात से चंदन नाराज रहता था. एक मई को बड़े भाई की शादी थी. पिता बहुत खुश थे और खुद लोगों को कोर्ड देने निकले थे. किसी ने नहीं सोचा था कि वह कभी वापस नहीं लौटेंगे. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement