बिहार में विधानसभा की 19 समितियों का पुनर्गठन कर दिया गया है. विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार की मंजूरी के बाद समितियों के अध्यक्षों और सदस्यों की नई सूची जारी की गई. इस पुनर्गठन में कई चर्चित और प्रभावशाली विधायकों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. खास बात यह है कि राज्यसभा चुनाव के दौरान वोटिंग से दूरी बनाने वाले कांग्रेस विधायक मनोहर प्रसाद सिंह और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक फैसल रहमान को भी एक-एक समिति का अध्यक्ष बनाया गया है.
वहीं, मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत कुमार सिंह को पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति में सदस्य बनाया गया है. इसके अलावा, चर्चित विधायक मनोरंजन सिंह को पर्यटन उद्योग समिति का चेयरमैन नियुक्त किया गया है. समितियों के गठन में सत्तारूढ़ और विपक्ष दोनों दलों के नेताओं को जगह दी गई है. नियम समिति और सामान्य प्रयोजन समिति की अध्यक्षता खुद विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार करेंगे, जबकि पुस्तकालय समिति की कमान ज्योति देवी को सौंपी गई है. याचिका समिति के अध्यक्ष जनक सिंह बनाए गए हैं.
प्रस्तावित विधान समिति की जिम्मेदारी मनोहर प्रसाद सिंह को दी गई है, जबकि गैर सरकारी विधेयक एवं संकल्प समिति के अध्यक्ष फैसल रहमान होंगे. महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष अश्वमेध देवी बनाई गई हैं और एससी-एसटी कल्याण समिति की कमान संतोष कुमार निराला को सौंपी गई है. इसके अलावा, अल्पसंख्यक कल्याण समिति के अध्यक्ष अख्तरुल ईमान, एथिक्स कमेटी के अध्यक्ष संजीव चौरसिया और पर्यावरण संरक्षण समिति के अध्यक्ष अवधेश सिंह बनाए गए हैं. पर्यटन उद्योग समिति में मनोरंजन सिंह के नेतृत्व में टीम काम करेगी.
बता दें कि बिहार में गत 16 मार्च को राज्यसभा की पांच सीटों के लिए चुनाव हुए थे. इसमें 4 सीटें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के खाते में गई थीं. वहीं महागठबंधन के पास पांचवीं सीट जीतने का मौका था. क्योंकि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के 5 विधायकों ने महागठबंधन के उम्मीदवार को समर्थन दिया था. लेकिन कांग्रेस के तीन और राजद के एक विधायक ने वोटिंग से दूरी बना ली थी, जिसके चलते पांचवीं सीट पर भी राजग उम्मीवार की जीत हुई थी. कांग्रेस विधायक मनोज विश्वास, मनोहर प्रसाद सिंह और सुरेंद्र कुशवाहा, जबकि राजद विधायक फैसल रहमान वोट डालने नहीं पहुंचे थे.
शशि भूषण कुमार