बिहार में एक NEET छात्रा की मौत का मामला अब तक अनसुलझा है. जांच में सामने आया कि कथित तौर पर यौन उत्पीड़न के बाद छात्रा की मौत हुई है. अब सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है, और इस बीच मृत छात्रा के परिवार ने धमकी मिलने का दावा किया है.
जहानाबाद जिले के शकुराबाद थाने के SHO राहुल कुमार ने बताया कि मृत छात्रा के परिवार ने एक शिकायत दर्ज कराई है. इसमें उन्होंने बताया है कि कथित तौर पर किसी ने धमकी दी है कि वो इस मामले से पीछे हट जाए.
परिवार ने दावा किया है कि उनके घर में एक कागज फेंका गया था, जिस पर लिखा था, 'तुम अपनी बेटी को खो चुके हो और अगर तुम नहीं माने तो अपने बेटे को भी खो दोगे.' उन्होंने बताया कि शनिवार को भी इसी तरह का एक धमकी भरा कागज उनके घर में फेंका गया था.
पुलिस ने दिया कार्रवाई का भरोसा
नीट छात्रा के परिवार की शिकायत के बाद उनके घर पर सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं. SHO कुमार ने भरोसा दिलाया कि वो इस मामले की जांच करेंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी करेंगे.
यह भी पढ़ें: बिहार: NEET छात्रा डेथ केस में CBI जांच तेज, पीड़िता के गांव में 3 घंटे तक हुई छानबीन
पटना के एक हॉस्टल में रहकर NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा पिछले महीने अपने कमरे में बेहोश मिली थी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, कुछ दिनों बाद इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई. फॉरेंसिक जांच में छात्रा के कपड़ों पर सीमन मिलने की पुष्टि हुई थी.
सैयद मुशर्रफ इमाम