बेगूसराय में समाज कल्याण विभाग के तहत संचालित बालिका गृह से पांच नाबालिग लड़कियों के एक साथ फरार होने का मामला सामने आया है. आरोप है कि लड़कियों ने दूसरी मंजिल की खिड़की की जाली तोड़ी, दुपट्टों को जोड़कर रस्सी बनाई और करीब 30 फीट नीचे उतरकर फरार हो गईं. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनीष खुद मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कराई. पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. यह घटना रतनपुर थाना क्षेत्र के तेलिया पोखर के पास स्थित बालिका गृह की है. यह संस्थान समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार के अधीन संचालित होता है, जबकि इसका प्रबंधन कर्पूरी ठाकुर ग्रामीण विकास संस्थान, पटना द्वारा किया जाता है.
बताया जा रहा है कि रविवार रात किसी समय पांचों लड़कियों ने दूसरी मंजिल की खिड़की की जाली तोड़ी. इसके बाद दुपट्टों को आपस में बांधकर रस्सी बनाई और उसी के सहारे नीचे उतर गईं. सोमवार सुबह जब कर्मचारियों ने उनकी गिनती की तो पांच लड़कियां गायब मिलीं. इसके बाद तुरंत रतनपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई. एक साथ पांच लड़कियों के फरार होने की सूचना मिलते ही एसपी मनीष मौके पर पहुंचे. उन्होंने बालिका गृह की वार्डन और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. मौके पर एफएसएल टीम और फॉरेंसिक वाहन भी पहुंचे, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की.
सुबह गिनती के दौरान खुला पांच लड़कियों के गायब होने का मामला
सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि पांच बच्चियां चुन्नी से चुन्नी जोड़कर बनाए गए सहारे से दूसरे माले की खिड़की से निकलकर भाग गई हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों से उनके रूट का पता लगाने का प्रयास कर रही है. साथ ही उनके संभावित ठिकानों की भी तलाश की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
फिलहाल पुलिस बालिका गृह और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके अलावा आसपास के सभी थानों, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों को भी अलर्ट जारी कर दिया गया है ताकि लड़कियों का जल्द पता लगाया जा सके. जिला बाल संरक्षण इकाई और बाल कल्याण समिति को भी घटना की जानकारी दे दी गई है. पूरे मामले की जांच सदर-वन डीएसपी के नेतृत्व में की जा रही है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई और लड़कियां किस तरह इतनी बड़ी योजना बनाकर बालिका गृह से बाहर निकलने में सफल रहीं.
रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और आसपास के थानों को किया गया अलर्ट
यह पहली बार नहीं है जब बेगूसराय के बालिका गृह से लड़कियां फरार हुई हैं. इससे पहले सितंबर 2019 में भी पांच लड़कियां गार्ड को बंधक बनाकर वहां से भाग गई थीं. एक बार फिर पांच लड़कियों के एक साथ फरार होने की घटना ने बालिका गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस की तलाश जारी है और मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है.
सौरभ कुमार