केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 25 फरवरी को तीन दिवसीय दौरे पर बिहार जा रहे हैं. शाह अपनी यात्रा के दौरान तीनों दिन सिर्फ सीमांचल के बॉर्डर क्षेत्र में ही रहेंगे. सामरिक सुरक्षा को लेकर उनका ये दौरा बेहद अहम माना जा रहा है. इस दौरान शाह कई बैठकें करेंगे, जिसमें घुसपैठ को लेकर समीक्षा होगी.
ये पहली बार है जब केंद्रीय गृह मंत्री तीन दिनों तक सीमांचल में रहेंगे. सीमांचल नेपाल सीमा से सटा इलाका है और इसके पास ‘चिकन नेक’ (सिलीगुड़ी कॉरिडोर) का क्षेत्र भी पड़ता है. उनके दौरे का फोकस राज्य में हो रहा जनसांख्यिकीय बदलाव रहेगा.
अमित शाह बिहार में हो रहे डेमोग्राफिक बदलाव के लिए सातों सीमांचल जिलों के अधिकारियों (SP और कलेक्टर्स) के साथ बैठक करेंगे. अररिया, किशनगज और पूर्णिया में होने वाली इन बैठकों में वो बॉर्डर क्षेत्रों में अवैध धार्मिक निर्माण का डेमोलिशन और घुसपैठियों की पहचान पर चर्चा करेंगे.
जनसांख्यिकीय बदलाव के कारणों पर चर्चा
शाह बॉर्डर गार्डिंग फोर्स SSB के अधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे. इस दौरान उनके साथ केंद्रीय गृह सचिव और IB चीफ भी मौजूद रहेंगे, जो सीमांचल इलाके में हो रहे जनसांख्यिकीय बदलाव के कारणों और इसे रोकने के उपायों पर वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा करेंगे.
बिहार के इन जिलों का दौरा करेंगे शाह
केंद्रीय गृह मंत्री 25 फरवरी को पूर्णिया पहुंचेंगे और इसी दिन किशनगंज भी जाएंगे. वो किशनगंज में रात में आराम करेंगे और फिर अगले दिन (26 फरवरी) अररिया जाएंगे. 26 फरवरी की शाम को ही वो पूर्णिया लौट आएंगे. इसके बाद शाह 27 फरवरी को पूर्णिया में सीमांचल के चारों जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे.
यह भी पढ़ें: दो दिवसीय बिहार दौरे पर अमित शाह, जयशंकर ने किया G-20 बैठक को संबोधित, देखें शतक आजतक
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी बिहार दौरे पर
बता दें कि आज बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी बिहार दौरे पर हैं. पहले वो दरभंगा पहुंचेंगे, जहां वो बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की मां के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद वो दरभंगा से पटना जाएंगे.
शशि भूषण कुमार / जितेंद्र बहादुर सिंह