देश की प्रमुख दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी ओला इलेक्ट्रिक ने आज घरेलू बाजार में अपने नए इलेक्ट्रिक स्कूटर S1 X+ को आधिकारिक तौर पर बिक्री के लिए लॉन्च कर दिया है. ओला इलेक्ट्रिक ने इस नए लॉन्च के साथ सीधे-सीधे बाजार की सबसे बड़ी चिंता, रेंज और प्राइस को साधने की कोशिश की है. 320 किलोमीटर की ड्राइविंग रेंज का दावा और शुरुआती कीमत महज 1,29,999 रुपये (एक्स-शोरूम).
ओला का नया S1 X+ 5.2 kWh स्कूटर लंबी रेंज और नई बैटरी टेक्नोलॉजी के साथ आता है. कंपनी का दावा है कि यह एडवांस EV टेक्नोलॉजी आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है. इसे खास इंट्रोडक्टरी प्राइस के साथ लॉन्च किया गया है जो केवल 15 अप्रैल तक ही लागू रहेगा. इस कीमत पर इतनी लंबी रेंज वाला स्कूटर मिलना बाजार में बड़ा गेम चेंजर माना जा रहा है.
इस स्कूटर में 11 kW का मिड-ड्राइव मोटर दिया गया है, जो MCU के साथ इंटीग्रेटेड है. कंपनी के मुताबिक यह स्कूटर एक बार चार्ज करने पर 320 किलोमीटर तक की IDC रेंज देता है. यानी रियल वर्ल्ड में ड्राइविंग रेंज में अंतर आ सकता है. आमतौर पर स्कूटर की रेंज लोड, रोड कंडिशन और ड्राइविंग स्टाइल पर भी निर्भर करती है. इसकी टॉप स्पीड 125 किमी प्रति घंटा बताई गई है. इसके साथ ही इसमें ब्रेक-बाई-वायर सिस्टम और फ्रंट डिस्क ब्रेक भी दिए गए हैं, जिससे ब्रेकिंग और कंट्रोल बेहतर होता है.
इस स्कूटर की सबसे बड़ी खासियत इसमें इस्तेमाल की गई 4680 Bharat Cell बैटरी है, जिसे कंपनी ने खुद भारत में तैयार किया है. ओला इलेक्ट्रिक का कहना है कि इन-हाउस बैटरी बनाने से वह तेजी से नई टेक्नोलॉजी ला सकती है और लागत को भी कम रख सकती है. इससे कंपनी को प्रोडक्शन बढ़ाने और कीमत को कंट्रोल में रखने में मदद मिलेगी.
S1 X+ 5.2 kWh के जरिए कंपनी ने साफ कर दिया है कि अब उसका फोकस मास मार्केट पर है. कंपनी का लक्ष्य है कि लंबी रेंज वाले स्कूटर अब सिर्फ प्रीमियम सेगमेंट तक सीमित न रहें, बल्कि आम ग्राहक भी इन्हें आसानी से खरीद सके. कंपनी लगातार अपने प्रोडक्ट लाइनअप को बढ़ा रही है. कंपनी के पास प्रीमियम सेगमेंट में S1 Pro+ और S1 Pro जैसे मॉडल हैं, जबकि S1 X सीरीज के तहत कई किफायती विकल्प भी उपलब्ध हैं. इसके अलावा कंपनी अपने Roadster मोटरसाइकिल रेंज पर भी काम कर रही है.
आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क