Nissan Tekton India launch: अगर आपने कभी ग्लोबल मार्केट में बिकने वाली Nissan Patrol को करीब से देखा है, तो आप जानते होंगे कि यह सिर्फ एक SUV नहीं, बल्कि ऑफ-रोडिंग की उस्ताद है. मिडिल ईस्ट के रेगिस्तान हों, अफ्रीका के ऊबड़-खाबड़ रास्ते हों या ऑस्ट्रेलिया की लंबी हाइवे जर्नी. Patrol ने अपनी अलग पहचान बनाई है. मुश्किल रास्तों पर अपनी ताकत साबित करने वाली Patrol सीधे तौर पर भारत के हिस्से कभी नहीं आई, लेकिन उसकी एक झलक जरूर आ गई है. Nissan ने अपनी नई सी-सेगमेंट की एसयूवी Tekton को आज भारत में लॉन्च कर दिया है.
नई Tekton को कंपनी "Baby Patrol" के तौर पर मार्केट कर रही है. वजह साफ है. इसका डिजाइन Patrol से इंस्पायर्ड है, सड़क पर इसकी मौजूदगी दमदार है और कंपनी इसे भारत में बनाकर दुनिया के कई देशों में भेजने वाली है. यानी Tekton सिर्फ एक नई SUV नहीं, बल्कि Nissan की भारत में वापसी की सबसे बड़ी उम्मीद बनकर आई है. तो आइये देखें कैसी है नई एसयूवी-
Nissan Tekton मूल रूप से Duster का ही रीबैज्ड वर्जन है. इस एसयूवी का भारत में वर्ल्ड प्रीमियर हुआ है. यानी ये एसयूवी दुनिया में पहली बार यहीं लॉन्च की गई है. कंपनी ने इसकी शुरुआती कीमत 10.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तय की है. नई TEKTON अपने सेगमेंट की इकलौती SUV है, जिसमें पूरी रेंज में केवल टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन दिए गए हैं. इसके अलावा इसमें 280Nm का दमदार टॉर्क, गूगल बिल्ट-इन कनेक्टिविटी, 700 लीटर का बड़ा बूट स्पेस और कई एडवांस फीचर्स मिलते हैं. कंपनी का कहना है कि यह SUV भारत में बनेगी और दुनिया के कई देशों में एक्सपोर्ट भी की जाएगी.
कंपनी ने नई Tekton की बुकिंग पूरे भारत में अपने डीलरशिप नेटवर्क और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर शुरू कर दी है. इसकी डिलीवरी 20 जुलाई से देश भर में शुरू की जाएगी. कंपनी का कहना है कि, शुरुआत 10,000 कारों की बुकिंग पर ग्राहकों स्पेशल रेट ऑफ इंट्रेस्ट का लाभ मिलेगा. निसान ने बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन को अपनी इस नई एसयूवी के लिए एंबेसडर चुना है.
निसान मोटर इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर सौरभ वत्स ने कहा कि, "भारत में निसान की वापसी अब मजबूत होती जा रही है. कंपनी नए प्रोडक्ट, तेजी से बढ़ते डीलर नेटवर्क और भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को बेहतर तरीके से समझने पर काम कर रही है. उनके मुताबिक, Tekton निसान की इसी नई पॉलिसी का सबसे बड़ा हिस्सा है. इसे दमदार डिजाइन, प्रीमियम फीचर्स और मॉडर्न टेक्नोलॉजी से लैस किया है. जो डेली ड्राइविंग एक्सपीरिएंस को और भी बेहतर करेगी. कंपनी इसे चेन्नई स्थित अपने प्लांट में बनाएगी और इसे दुनिया के कई देशों में एक्सपोर्ट किया जाएगा. यानी भारत निसान टेक्टॉन का घर होगा."
जैसा कि हमने पहले बताया कि, इस एसयूवी का डिजाइन मशहूर Nissan Patrol एसयूवी से इंस्पायर्ड है. इसमें चौड़ी क्रोम ग्रिल, C-शेप LED हेडलाइट्स, मस्क्युलर बॉडी, फ्लश रूफ रेल्स, बड़े व्हील आर्च और स्पोर्टी स्किड प्लेट दी गई है. पीछे की तरफ सिंक्रोफ्लो कनेक्टेड C-शेप LED टेललाइट्स और ब्लैक फिनिश इसे प्रीमियम लुक देते हैं. इसके अलावा पियानो ब्लैक फिनिश में दिया गया मैजेस्टिक हिमालयन क्रेस्ट एलिमेंट इसे थोड़ा एडवेंचर फील देता है. कुल मिलाकर यह SUV सड़क पर काफी दमदार और बेहतर रोड प्रेजेंस देगी.
| लंबाई | 4,328 मिमी |
| चौड़ाई | 1,815 मिमी |
| उंचाई | 1,674 मिमी |
| व्हीलबेस | 2,657 मिमी |
| ग्राउंड क्लीयरेंस | 212 मिमी |
| बूट स्पेस | 700 लीटर |
Tekton का केबिन को प्रीमियम बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई है. इसके इंटीरियर को लेदरेट सीट, सॉफ्ट-टच मटेरियल और जापानी डिजाइन स्टाइल के साथ तैयार किया गया है. इसमें ट्राई-टोन इंटीरियर, बेज, बरगंडी और रोज गोल्ड एक्सेंट दिए गए हैं. SUV में ड्यूल डिजिटल स्क्रीन, D-कट स्टीयरिंग व्हील, फ्लाई-बाय-वायर ई-शिफ्टर और ड्राइवर फोकस्ड कॉकपिट मिलता है. आगे की सीटें पावर्ड, वेंटिलेटेड और लम्बर सपोर्ट के साथ आती हैं, जिससे लांग ट्रिप्स भी आरामदायक होंगी.
इस सभी सीटों को फोल्ड करने के बाद 700 लीटर का बूट स्पेस मिलता है, जिसको लेकर कंपनी का दावा है कि, ये सेगमेंट में सबसे बड़ा है. इसके अलावा 212 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस, बेहतर अप्रोच और डिपार्चर एंगल इसे खराब रास्तों पर भी चलने के लिए बेहतर एसयूवी बनाते हैं. यह SUV शहर, हाईवे और लंबी फैमिली ट्रिप के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है.
Tekton में दो इंजन विकल्प मिलते हैं. पहला 1 लीटर टर्बो T160 इंजन है, जो 100 पीएस की पावर और 160 न्यूटन मीटर (Nm) का टॉर्क जेनरेट करता है. कंपनी का दावा है कि ये इंजन वेरिएंट 19.4 किमी प्रतिलीटर का माइलेज देगा. वहीं दूसरा 1.3 लीटर टर्बो T280 इंजन है, जो 163 पीएस की पावर और 280 न्यूटन मीटर (Nm) का टॉर्क जेनरेट करता है. कंपनी का कहना है कि, ये इंजन 18.5 किमी प्रतिलीटर तक का माइलेज देगा. ख़ास बात ये है कि, दोनों इंजन Nissan की GT-R से ली गई मिरर बोर कोटिंग टेक्नोलॉजी के साथ आते हैं, जिससे इंजन की एफिशिएंसी और परफॉर्मेंस बेहतर होती है. बता दें कि, निसान जीटीआर कंपनी की बेहतरीन स्पोर्ट कार रही है.
कंपनी का कहना है कि, यह टेक्नोलॉजी इंजन के अंदर होने वाले घर्षण को कम करती है, जिससे इंजन की परफॉर्मेंस बेहतर होती है और फ्यूल की बचत में भी मदद मिलती है. ये एसयूवी 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स और 6-स्पीड DCT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आती है. नई Tekton में डुअल-ड्राइव मोड दिया गया है, जिसके साथ अलग-अलग मूड लाइटिंग भी मिलती है. ड्राइवर अपनी जरूरत के अनुसार ड्राइविंग मोड चुन सकता है.
इसके अलावा डुअल-मोड स्टीयरिंग फीचर भी दिया गया है. जिसके जरिए शहर में आसान ड्राइविंग के लिए स्टीयरिंग को हल्का और हाईवे पर बेहतर कंट्रोल के लिए इसे थोड़ा भारी किया जा सकता है. बेहतर राइड क्वालिटी के लिए SUV में खास तौर पर ट्यून किए गए शॉक एब्जॉर्बर और ड्यूल एंटी-रोल बार दिए गए हैं, जो अलग-अलग रोड कंडिशन के अनुसार कम्फर्टेबल राइड एक्सपीरिएंस देते हैं.
नई Tekton में 10.1 इंच का टेक-लिंक HD इंफोटेनमेंट सिस्टम और 10.25 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है. इसमें गूगल बिल्ट-इन कनेक्टिविटी की सुविधा दी गई है. जिससे यूजर गूगल मैप, गूगल असिस्टेंस और गूगल प्ले का इस्तेमाल कर सकते हैं. कंपनी का कहना है कि, इसकी मदद से यूजर 200 से ज्यादा ऐप्स का इस्तेमाल कर सकेंगे. इसके अलावा MyNISSAN App के जरिए 55 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स भी मिलते हैं.
फीचर्स की बात करें तो इस एसयूवी में पैनोरमिक सनरूफ, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, 48 कलर एंबिएंट लाइटिंग, आर्कमीज 3D सराउंड साउंड सिस्टम, वायरलेस चार्जर, स्मार्ट एयर प्यूरीफायर, 360 डिग्री कैमरा, पावर्ड टेलगेट और कई स्मार्ट कनेक्टेड फीचर्स दिए गए हैं.
निसान का कहना है कि, नई Tekton को भारत न्यू कार असेस्मेंट प्रोग्राम (Bharat NCAP) द्वारा क्रैश टेस्ट किया गया है. जिसमें इसे 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है. इस क्रैश टेस्ट में एसयूवी ने एडल्ट सेफ्टी में कुल 32 प्वाइंट में 30.49 प्वाइंट स्कोर किया है. वहीं चाइल्ड सेफ्टी के मामले इस एसयूवी को कुल 49.00 प्वाइंट में से 45.00 प्वाइंट मिले हैं. चूंकि ये एसयूवी Renault Duster पर ही बेस्ड है, इसलिए उसी के आधार पर इसे भी सेफ्टी रेटिंग दे दी गई है.
नई Nissan Tekton में सेफ्टी का भी पूरा ख्याल रखा गया है. इसमें स्टैंडर्ड तौर पर 6 एयरबैग, 40 से ज्यादा सेफ्टी फीचर्स और हाई-स्ट्रेंथ स्टील बॉडी दी गई है. इसके अलावा 17 से ज्यादा ADAS फीचर्स मिलते हैं. जिसमें एडॉप्टिव क्रूज कंट्रोल, ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेकिंग, लेन-कीप असिस्ट, लेन डिर्पाचर वार्निंग, ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटरिंग, ड्राइवर अटेंशन अलर्ट, ट्रैफिक साइन रिकॉग्निशन और 360 डिग्री पार्किंग असिस्ट जैसे एडवांस फीचर्स शामिल हैं.
भारत निसान के लिए एक बड़े मौके की तरह है. कंपनी का कहना है कि, भारत को ग्लाेबल एक्सपोर्ट प्लेटफॉर्म की तरह देखा जा रहा है. कंपनी पहले से ही भारत में बनी अपनी मशहूर एसयूवी Nissan Magnite को दुनिया के तकरीबन 65 देशों में एक्स्पोर्ट कर रही है. इसी तर्ज पर नई Tekton को भी तकरीबन 50 देशों में एक्सपोर्ट किया जाएगा.
अश्विन सत्यदेव