आसमान छूती लपटें, मीलों फैला धुएं का गुबार! BYD की इलेक्ट्रिक कार फैक्ट्री में लगी भयंकर आग

BYD Factory Fire: दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी बिल्ड योर ड्रीम (BYD) के फैक्ट्री में आज अल सुबह आग लग गई. थोड़ी ही देर में आग की लपटों ने फैक्ट्री के एक पूरे हिस्से को अपने ज़द में ले लिया और आसमान काले धुएं के गुबार से पट गया.

Advertisement
BYD Factory Fire: इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. Photo: ITG BYD Factory Fire: इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. Photo: ITG

आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 14 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 4:24 PM IST

BYD factory fire Shenzhen: रात के करीब तीन बज रहे थे. ज़्यादातर लोग गहरी नींद में थे. तभी अचानक चीन के शेन्ज़ेन (Shenzhen) शहर का आसमान काले धुएं और गुबार से घिर गया. उस वक्त जिनकी नींद खुली थी वो इस मंजर को देखकर हैरान थे. काला धुआं, आसमान तक उठती आग की लपटें और अफरा-तफरी. ये कोई आम जगह नहीं थी, बल्कि BYD का बड़ा प्लांट था. थोड़ी ही देर में बात चारों तरफ फैल गई और सोशल मीडिया तस्वीरों और वीडियो से पट गया.

Advertisement

दरअसल, दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी बिल्ड योर ड्रीम (BYD) के फैक्ट्री में आज अल सुबह आग लग गई थी. गनीमत ये रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ. फैक्ट्री के आमसान पर अचानक उठता धुआं का काला गुबार देखकर पूरा इलाका दहशत में डूब गया था. प्लांट में लगी इस आग ने कुछ ही मिनटों में हड़कंप मचा दिया. 

ग्लोबल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 14 अप्रैल की सुबह करीब 2:48 बजे चीन के शेन्ज़ेन के पिंगशान इलाके में स्थित BYD के प्लांट में आग लगी. यह आग एक मल्टी-लेवल पार्किंग स्ट्रक्चर में लगी थी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंच गईं और तेजी से बचाव कार्य शुरू किया गया. चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल वीडियो और तस्वीरों में फैक्ट्री से घना धुआं उठता हुआ दिखा. धुएं का गुबार आसपास के इंडस्ट्रियल एरिया तक नजर आ रहा था, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई थी. 

Advertisement

स्थानीय अधिकारियों ने साफ किया कि इस हादसे में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है. आग को पूरी तरह बुझा लिया गया है. हालांकि अभी तक आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है.

कहां लगी आग, कंपनी ने किया साफ

वहीं इस मामले में कंपनी ने बताया कि आग मुख्य प्रोडक्शन एरिया में नहीं बल्कि एक “थ्री-डायमेंशनल पार्किंग गैरेज” में लगी थी. इस जगह का इस्तेमाल टेस्टिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली गाड़ियों और कबाड़ यानी स्क्रैप वाहनों को रखने के लिए किया जाता है. कंपनी के अनुसार इस घटना का असर फैक्ट्री के प्रोडक्शन या असेंबली लाइन पर नहीं पड़ा है. पिंगशान प्लांट BYD का एक बड़ा प्रोडक्शन हब है और फिलहाल वहां कामकाज सामान्य बताया जा रहा है.

BYD चीन में अपने चार्जिंग नेटवर्क को तेजी से बढ़ाने में जुटी है. कंपनी ने हाल ही में चीन के 297 शहरों में 5,000 फ्लैश चार्जिंग स्टेशन लगाने का दावा किया है. ये स्टेशन मेगावॉट लेवल की चार्जिंग सपोर्ट करते हैं, जिससे गाड़ियां सिर्फ 5 मिनट में 10% से 70% तक चार्ज हो सकती हैं. कंपनी ने 2026 के अंत तक 20,000 चार्जिंग स्टेशन लगाने का टार्गेट रखा है. चीन में इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड गाड़ियों का बाजार अब काफी बड़ा हो गया है. कई कंपनियां नए मॉडल लॉन्च कर रही हैं, जिससे BYD को भी कड़ी टक्कर मिल रही है. 

Advertisement

भारत में भी BYD अपना नेटवर्क बढ़ा रही है. कंपनी के प्रोफाइल में एक से बढ़कर एक कई इलेक्ट्रिक कारें मौजूद हैं. जिनमें सबसे सस्ते मॉडल Atto 3 की शुरुआती कीमत 24.99 लाख रुपये है. वहीं 7-सीटर इलेक्ट्रिक कार eMAX7 की कीमत 26.90 लाख रुपये से शुरू होती है. कंपनी की बेस्ट सेलिंग कारों में से एक Seal की कीमत 41 लाख रुपये और Sealio 7 की शुरुआती कीमत 49.40 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement