आज आएंगे ₹2,000... जारी होगी PM Kisan की 24वीं किस्त, पैसे आए या नहीं ऐसे करें चेक

PM Kisan 24th Installment: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है. पीएम मोदी 30 अक्टूबर को गुजरात के बनासकांठा से सुबह करीब 10:30 बजे किसानों के खाते में ₹2,000 की रकम ट्रांसफर करेंगे. इस बार देश के 9.34 करोड़ से ज्यादा किसान परिवारों को ₹18,680 करोड़ से अधिक की आर्थिक मदद मिलेगी.

Advertisement
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अक्टूबर 2026 को किसानों के खाते में ₹2,000 की रकम ट्रांसफर करेंगे. (File Photo: ITG) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अक्टूबर 2026 को किसानों के खाते में ₹2,000 की रकम ट्रांसफर करेंगे. (File Photo: ITG)

आजतक एग्रीकल्चर डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 30 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:23 AM IST

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना की 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के लिए आज बड़ा दिन है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अक्टूबर को गुजरात के बनासकांठा जिले के भीलड़ी में आयोजित कार्यक्रम से देशभर के किसानों के बैंक खातों में ₹2,000 की 24वीं किस्त ट्रांसफर करेंगे. इस बार 9.34 करोड़ से ज्यादा किसान परिवारों को ₹2,000 की आर्थिक मदद मिलेगी.

Advertisement

इसके लिए ₹18,680 करोड़ से अधिक की रकम जारी की जाएगी. प्रधानमंत्री मोदी सुबह करीब 10:30 बजे बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम में पीएम-किसान की 24वीं किस्त जारी करेंगे. आइए जानते हैं कि किसे इस योजना का लाभ मिलता है, किन किसानों को किस्त नहीं मिलेगी और पैसा पाने के लिए कौन-सी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी.

आज जारी होगी PM-किसान की 24वीं किस्त

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अक्टूबर को गुजरात के दौरे पर रहेंगे. वह सुबह करीब 9:30 बजे बनासकांठा में एम्ब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी-इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (ET-IVF) लैब और भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC) के कैटल फार्म का दौरा करेंगे. इसके बाद सुबह करीब 10:30 बजे विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे. हालांकि, किसानों के बैंक खातों में रकम पहुंचने का सटीक समय बैंकिंग प्रक्रिया पर निर्भर करेगा.

Advertisement

9.34 करोड़ किसानों को​ मिलेंगे ₹2,000

पीएम-किसान की 24वीं किस्त के तहत देशभर के 9.34 करोड़ से ज्यादा किसान परिवारों को आर्थिक मदद दी जाएगी. सरकार इसके लिए ₹18,680 करोड़ से अधिक की रकम ट्रांसफर करेगी. पात्र किसानों के खाते में सीधे ₹2,000 भेजे जाएंगे. यह पैसा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचेगा. योजना की पिछली 23 किस्तों में किसानों को कुल ₹4.47 लाख करोड़ से ज्यादा की रकम दी जा चुकी है.

PM-किसान योजना में हर साल ₹6,000 

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत फरवरी 2019 में हुई थी. इसके तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल ₹6,000 की आर्थिक मदद दी जाती है. यह रकम एक साथ नहीं, बल्कि ₹2,000 की तीन बराबर किस्तों में मिलती है. आमतौर पर हर चार महीने के अंतराल पर एक किस्त जारी की जाती है. पैसा सीधे किसान के बैंक खाते में भेजा जाता है, ताकि बिचौलियों की भूमिका खत्म हो और लाभार्थी को पूरी रकम मिले.

किन किसानों को मिलता है PM-किसान का लाभ?

सरकार के नियमों के मुताबिक, ऐसे सभी भूमिधारक किसान परिवार इस योजना का लाभ लेने के पात्र हैं, जिनके नाम पर खेती योग्य जमीन दर्ज है. योजना में किसान परिवार का मतलब पति, पत्नी और नाबालिग बच्चों से है. हालांकि, सिर्फ जमीन होना ही काफी नहीं है. लाभार्थी को सरकार की ओर से तय सभी पात्रता शर्तें पूरी करनी होती हैं. साथ ही जमीन के रिकॉर्ड और बैंक खाते की जानकारी भी सही होनी चाहिए.

Advertisement

इन किसानों को नहीं मिलती है ₹2,000 की किस्त

पीएम-किसान योजना में कुछ श्रेणियों के लोगों को बाहर रखा गया है. इनमें शामिल हैं...

  • संस्थागत भूमिधारक.
  • ऐसे किसान परिवार जिनका कोई सदस्य या तो संवैधानिक पद पर है या पहले रह चुका है.
  • मौजूदा या पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक, मेयर और जिला पंचायत अध्यक्ष के परिवार.
  • कुछ अपवादों को छोड़कर मौजूदा और सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी.
  • ₹10,000 या उससे ज्यादा मासिक पेंशन पाने वाले सेवानिवृत्त पेंशनभोगी.
  • आयकर का भुगतान करने वाले किसान परिवार के सदस्य.
  • डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट और आर्किटेक्ट जैसे पेशेवर, जो संबंधित संस्थाओं में पंजीकृत हैं.

किस्त पाने के लिए e-KYC जरूरी

पीएम-किसान की किस्त बिना रुकावट पाने के लिए किसानों को e-KYC पूरी करनी होगी. कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने पंजीकृत लाभार्थियों के लिए इसे अनिवार्य किया है. इसके अलावा किसान का सक्रिय बैंक खाता आधार से लिंक होना चाहिए. अगर e-KYC अधूरी है या बैंक खाते में आधार सीडिंग नहीं हुई है, तो भुगतान अटक सकता है. इसलिए किसानों को किस्त जारी होने से पहले अपनी जानकारी और दस्तावेजों की स्थिति जरूर जांच लेनी चाहिए.

घर बैठे पूरी करें PM-किसान e-KYC

  • किसान घर बैठे पीएम-किसान की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए e-KYC कर सकते हैं.
  • सबसे पहले पीएम-किसान की आधिकारिक वेबसाइट https://pmkisan.gov.in पर जाएं.
  • होम पेज पर Farmers Corner सेक्शन में e-KYC का विकल्प चुनें.
  • अपना आधार नंबर दर्ज करें.
  • आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए OTP को भरें.
  • प्रक्रिया पूरी होने के बाद e-KYC का स्टेटस जांच लें.

इसके अलावा पीएम-किसान मोबाइल ऐप पर फेस ऑथेंटिकेशन यानी चेहरे की पहचान के जरिए भी e-KYC की सुविधा उपलब्ध है. किसान नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं.

Advertisement

खाते में पैसे आए या नहीं, ऐसे चेक करें स्टेटस

पीएम-किसान की 24वीं किस्त का स्टेटस जानने के लिए किसान आधिकारिक पोर्टल का इस्तेमाल कर सकते हैं.

  • https://pmkisan.gov.in वेबसाइट खोलें.
  • Farmers Corner में Know Your Status के विकल्प पर क्लिक करें.
  • अपना रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें.
  • स्क्रीन पर दिखाया गया कैप्चा कोड भरें.
  • Get OTP पर क्लिक करें और मोबाइल पर आए OTP को दर्ज करें.
  • इसके बाद आपकी किस्त और भुगतान से जुड़ी जानकारी स्क्रीन पर दिख जाएगी.
  • अगर रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं पता है, तो Know Your Registration Number विकल्प की मदद से इसे पता किया जा सकता है.

किस्त अटकने पर कहां करें शिकायत?

अगर e-KYC, आधार लिंकिंग या बैंक खाते में पैसा आने से जुड़ी कोई परेशानी है, तो किसान पीएम-किसान हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं. सरकार ने लाभार्थियों की मदद के लिए ये नंबर जारी किए हैं:

155261 (टोल फ्री हेल्पलाइन)

011-24300606

किसान इन नंबरों पर संपर्क करके अपनी शिकायत या भुगतान से जुड़ी समस्या बता सकते हैं. इसके अलावा नजदीकी CSC सेंटर या कृषि विभाग के कार्यालय से भी मदद ली जा सकती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »