अगर आप अपने घर को ताजे फूलों से सजाना पसंद करते हैं या बगीचे से फूल तोड़कर गुलदस्ता बनाते हैं, तो यह जानना जरूरी है कि फूलों की कटाई का समय उनकी ताजगी पर सीधा असर डालता है. कई लोग दिन के किसी भी समय फूल तोड़ लेते हैं, लेकिन ऐसा करने से फूल जल्दी मुरझा सकते हैं. बागवानी विशेषज्ञों के मुताबिक, सुबह का समय फूल तोड़ने के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है, क्योंकि इस समय पौधों में नमी सबसे ज्यादा होती है और फूल पूरी तरह हाइड्रेटेड रहते हैं.
सुबह क्यों है सबसे अच्छा समय?
सुबह सूर्योदय के बाद और तेज धूप निकलने से पहले पौधे रातभर की नमी अपने अंदर संजोए रहते हैं. इस समय तने और पंखुड़ियों में पर्याप्त पानी होता है, जिससे कटने के बाद भी फूल लंबे समय तक ताजा बने रहते हैं. यही वजह है कि व्यावसायिक फूल उत्पादक भी अधिकतर सुबह के समय ही फूलों की कटाई करते हैं.
अगर सुबह समय न मिले तो?
अगर किसी वजह से सुबह फूल नहीं तोड़ सकते, तो देर शाम का समय दूसरा सबसे अच्छा विकल्प माना जाता है. पूरे दिन प्रकाश संश्लेषण (फोटोसिंथेसिस) होने के बाद पौधों में ऊर्जा और कार्बोहाइड्रेट का स्तर अच्छा होता है. हालांकि, शाम को फूल तभी तोड़ें जब मौसम ठंडा हो चुका हो और तेज धूप खत्म हो गई हो.
दोपहर में फूल तोड़ने से क्यों बचना चाहिए?
दोपहर के समय तापमान सबसे ज्यादा होता है. तेज धूप और गर्मी के कारण पौधे अधिक पानी खो देते हैं, जिससे फूलों में नमी कम हो जाती है. ऐसे समय पर तोड़े गए फूल जल्दी मुरझाने लगते हैं और उनकी वास लाइफ (Vase Life) भी कम हो जाती है. इसलिए दोपहर में फूलों की कटाई करने से बचना बेहतर होता है.
बारिश के तुरंत बाद भी न तोड़ें फूल
विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश के तुरंत बाद फूल तोड़ना भी सही नहीं माना जाता. गीले फूलों पर फफूंदी और बैक्टीरिया जल्दी पनप सकते हैं, जिससे वे जल्द खराब हो सकते हैं. बारिश के बाद पौधों और फूलों के सूखने का इंतजार करना बेहतर रहता है.
फूल काटते समय इन बातों का रखें ध्यान
किन फूलों की कटाई सुबह करना सबसे बेहतर होता है?
गुलाब, गेंदा, लिली, सूरजमुखी, डहेलिया, जीनिया, कॉसमॉस और स्नैपड्रैगन जैसे अधिकांश गार्डन फूलों की कटाई सुबह के समय करने की सलाह दी जाती है. इससे उनकी खूबसूरती और ताजगी लंबे समय तक बनी रहती है.
aajtak.in