ईरान के साथ जारी युद्ध के बीच अमेरिकी सेना प्रमुख जनरल रैंडी जॉर्ज को पद छोड़ने और तुरंत रिटायर होने के लिए कह दिया गया है. उन्हें यह निर्देश अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ की ओर से दिया गया है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जनरल जॉर्ज ने इस्तीफा नहीं दिया है, लेकिन पीट हेगसेथ से आदेश मिलने के बाद वह बहुत जल्द इसकी घोषणा कर सकते हैं. यह कदम पेंटागन (अमेरिकी रक्षा विभाग) में एक महत्वपूर्ण नेतृत्व परिवर्तन का संकेत देता है.
इस फैसले का समय बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि अमेरिका ईरान के खिलाफ संभावित जमीनी सैन्य कार्रवाई की तैयारी कर रहा है. बड़ी संख्या में अमेरिकी सैनिकों की मिडिल ईस्ट में तैनाती बढ़ाई जा रही है. ट्रंप पहले ही ईरान को 'स्टोन एज' में वापस भेजने और भीषण हमलों की चेतावनी दे चुके हैं. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इस फैसले के पीछे क्या कारण है, हालांकि रॉयटर्स की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि डोनाल्ड ट्रंप की सेना से जुड़ी योजनाओं को लागू करने में जनरल रैंडी जॉर्ज की क्षमता को लेकर कुछ चिंताएं थीं.
जनरल जॉर्ज का ट्रंप प्रशासन से था मतभेद?
एक सूत्र ने बताया कि हेगसेथ एक ऐसे जनरल को सेना की कमान देना चाहते हैं जो राष्ट्रपति ट्रंप और उनके विजन के हिसाब से काम करे. हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि जनरल जॉर्ज और ट्रंप प्रशासन के बीच सेना के विजन को लेकर कोई मतभेद था या नहीं. रिपोर्ट में एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के हवाले से कहा गया, 'हम जनरल रैंडी जॉर्ज के योगदान के लिए उनके आभारी हैं, लेकिन अब सेना में नेतृत्व परिवर्तन का समय आ गया था.'
यह भी पढ़ें: ईरान जंग का नया फेज- ड्रोन vs 2000 पाउंड के अमेरिकी बम! 20 मिनट में वॉर प्लान बता गए ट्रंप
जनरल जॉर्ज एक करियर इन्फैंट्री ऑफिसर और वेस्ट पॉइंट मिलिट्री एकेडमी के ग्रेजुएट हैं. उन्होंने 2021 से 2022 के बीच बाइडेन प्रशासन के दौरान रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के वरिष्ठ सैन्य सहायक के रूप में भी काम किया. उनका कई दशक लंबा मिलिट्री करियर रहा है. वह अमेरिकी सेना के लिए गल्फ वॉर के साथ-साथ इराक और अफगानिस्तान में युद्ध लड़ चुके हैं. आमतौर पर अमेरिकी सेना प्रमुख का कार्यकाल चार साल का होता है.
जो बाइडेन के कार्यकाल में हुई थी नियुक्ति
जनरल रैंडी जॉर्ज को जो बाइडेन ने 2023 में सेना प्रमुख नियुक्त किया था और सीनेट ने इसकी पुष्टि की थी. उनका सैन्य प्रमुख के रूप में कार्यकाल 2027 तक था. अमेरिकी सेना के उप प्रमुख जनरल क्रिस्टोफर लानेव को जनरल रैंडी जॉर्ज का संभावित उत्तराधिकारी माना जा रहा है. लानेव 2022 से 2023 तक 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के कमांडिंग जनरल भी रह चुके हैं. अमेरिकी सेना की 82वीं एयरबोर्न डिवीजन पैराशूट हमले में विशेषज्ञता रखती है. वर्तमान में, डिवीजन की कमान मेजर जनरल ब्रैंडन टेग्टमेयर के पास है.