दक्षिण अफ्रीकी पुलिस सेवा (SAPS) के मुताबिक, यह गोलीबारी शनिवार रात करीब 9:30 बजे गौतेंग प्रांत के वेडेला टाउनशिप में स्थित एक बार में हुई. हमलावरों के पास कथित तौर पर AK-47 राइफल और पिस्तौल थीं.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और इमरजेंसी मेडिकल सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं. मेडिकल टीम ने घटनास्थल पर ही 17 लोगों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों में 13 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं. गोलीबारी में घायल हुए 15 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है.
पुलिस ने हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. हालांकि, फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि गोलीबारी के पीछे क्या मकसद था. पुलिस मामले की जांच कर रही है और संदिग्धों की पहचान तथा उनकी गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है.