scorecardresearch
 

क्या पाकिस्तान से JF-17 फाइटर जेट खरीदेगा सोमालिया? 90 करोड़ डॉलर की डील पर हो रही चर्चा

सोमालिया पाकिस्तान से करीब 24 जेएफ-17 थंडर ब्लॉक-III लड़ाकू विमान खरीदने पर बातचीत कर रहा है. बताया जा रहा है कि इस डील में इस महीने सोमाली वायुसेना प्रमुख की इस्लामाबाद यात्रा के बाद तेजी आई है. चीन और पाकिस्तान की ओर से विकसित इस विमान की क्षमता को लेकर पाकिस्तान ने कई दावे किए हैं.

Advertisement
X
सोमालिया पाकिस्तान से लगभग दो दर्जन जेएफ-17 थंडर ब्लॉक-III लड़ाकू विमान खरीदने के लिए बातचीत कर रहा है. (File Photo: PAF)
सोमालिया पाकिस्तान से लगभग दो दर्जन जेएफ-17 थंडर ब्लॉक-III लड़ाकू विमान खरीदने के लिए बातचीत कर रहा है. (File Photo: PAF)

सोमालिया पाकिस्तान से लगभग दो दर्जन जेएफ-17 थंडर ब्लॉक-III लड़ाकू विमान खरीदने को लेकर बातचीत कर रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स में इसकी जानकारी दी गई है. रविवार को आई रिपोर्ट में कहा गया कि इस महीने की शुरुआत में सोमाली वायुसेना प्रमुख मोहम्मद शेख अली की इस्लामाबाद यात्रा के बाद बातचीत में तेजी आई है. यह जानकारी The News ने विदेशी मीडिया के हवाले से दी है.

भारत के साथ संघर्ष में इस्तेमाल का दावा

जेएफ-17 थंडर एक सिंगल इंजन वाला हल्का लड़ाकू विमान है, जिसे चीन की चेंगदू एयरक्राफ्ट कॉरपोरेशन और पाकिस्तान एरोनॉटिकल कॉम्प्लेक्स ने संयुक्त रूप से विकसित किया है. पाकिस्तान का दावा है कि पिछले साल भारत के साथ संघर्ष के दौरान इस विमान ने अपनी क्षमता साबित की. हालांकि इसकी प्रभावशीलता को लेकर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है.

विशेषज्ञों और सैन्य अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तान ने 7 से 10 मई के संघर्ष के दौरान चीनी मूल के चेंगदू जे-10 लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया था. रिपोर्ट में सोमालिया के रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से कहा गया कि देश का हवाई क्षेत्र सोमालिया के हाथों से सुरक्षित होना चाहिए और यह खरीद केवल हथियार सौदा नहीं बल्कि राजनीतिक संप्रभुता और संस्थागत मजबूती का संकेत होगी.

Advertisement

शीत युद्ध के बाद सोमालिया का सबसे बड़ा रक्षा निवेश

अगर यह समझौता होता है तो लगभग 90 करोड़ डॉलर (करीब 251 अरब पाकिस्तानी रुपये) का यह सौदा शीत युद्ध काल के बाद सोमालिया का सबसे बड़ा रक्षा निवेश होगा. पाकिस्तान इससे पहले भी अपने लड़ाकू विमानों की मांग होने का दावा करता रहा है. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने 14 जनवरी को कहा था कि भारत के साथ पिछले साल के संघर्ष के बाद कई देश पाकिस्तान से लड़ाकू विमान खरीदने को लेकर बातचीत कर रहे हैं.

इंडोनेशिया और इराक को लेकर भी किया गया दावा

इसके अलावा 13 जनवरी को पाकिस्तानी सेना ने बताया था कि इंडोनेशिया के साथ रक्षा सहयोग पर चर्चा हुई, जिसमें जेएफ-17 विमानों की संभावित खरीद का मुद्दा भी शामिल था. 10 जनवरी को इराक द्वारा जेएफ-17 और मुश्शक प्रशिक्षण विमान में रुचि जताने की बात कही गई थी. यह घटनाक्रम उस बैठक के कुछ दिन बाद सामने आया, जिसमें पाकिस्तान और बांग्लादेश के वायुसेना प्रमुखों ने ढाका द्वारा जेएफ-17 खरीद की संभावना पर बातचीत की, हालांकि बांग्लादेश ने इसकी पुष्टि नहीं की है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement