scorecardresearch
 

ईरान-इजरायल की जंग में सऊदी अरब के साथ आया पाकिस्तान, शहबाज शरीफ ने दे डाली खुली चेतावनी

पश्चिम एशिया संकट के बीच पाकिस्तान ने सऊदी अरब और खाड़ी देशों के साथ पूरी एकजुटता जताई है. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से बात कर तनाव की निंदा की और शांति में भूमिका निभाने की बात कही. ईरानी हमलों को सऊदी एयर डिफेंस ने नाकाम बताया. दोनों देशों के बीच हुआ रणनीतिक रक्षा समझौता किसी एक पर हमले को दोनों पर हमला मानता है, जिससे क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया है.

Advertisement
X
शहबाज शरीफ. (Photo: ITG)
शहबाज शरीफ. (Photo: ITG)

पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट के बीच पाकिस्तान ने सऊदी अरब और खाड़ी देशों के साथ पूरी एकजुटता जताई है. इजरायल और अमेरिका के हमले के बाद ईरान ने सऊदी क्षेत्र में निशाने साधे. इस बीच इस्लामाबाद और रियाद ने हाल ही में ऐसा समझौता किया है, जिसके तहत किसी एक पर हमला दोनों पर हमला माना जाएगा.

अमेरिका और इजरायल के हमले तथा खाड़ी क्षेत्र, खासकर सऊदी अरब में जवाबी हमलों के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि उन्होंने सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से बात कर हालात पर पाकिस्तान का रुख बताया है.

X पर पोस्ट करते हुए शरीफ ने कहा, 'आज शाम मैंने अपने प्रिय भाई, हिज रॉयल हाइनेस क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से बात की और ईरान पर इजरायली हमले के बाद क्षेत्र में पैदा हुए खतरनाक हालात की पाकिस्तान की ओर से कड़ी निंदा व्यक्त की.' उन्होंने कहा कि पाकिस्तान 'इस कठिन समय में सऊदी अरब और खाड़ी के देशों के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़ा है.'

शरीफ ने आगे कहा कि पाकिस्तान शांति के लिए रचनात्मक भूमिका निभाने को पूरी तरह तैयार है और उम्मीद जताई कि रमजान का पवित्र महीना क्षेत्र में शांति और स्थिरता लाएगा. सऊदी अरब ने भी 'रियाद और ईस्टर्न प्रांत को निशाना बनाने वाले ईरानी हमलों' की कड़ी निंदा की. विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक रियाद ने हमले को 'स्पष्ट और कायरतापूर्ण' बताया और कहा कि उसकी एयर डिफेंस सिस्टम ने हमले को सफलतापूर्वक नाकाम कर दिया.

Advertisement

मध्य पूर्व में बड़ा संघर्ष भड़का
अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमले के बाद मध्य पूर्व में बड़ा संघर्ष भड़क उठा. जवाब में तेहरान और उसके सहयोगियों हिज्बुल्लाह और हूती ने शनिवार को तेल अवीव और कुवैत, यूएई, कतर और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए मिसाइलें दागीं. दुबई और अबू धाबी में धमाकों की खबरें भी सामने आईं, जहां एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा ईरानी मिसाइलों को इंटरसेप्ट किए जाने के दौरान गिरा मलबा लगने से एक एशियाई नागरिक की मौत हो गई.

पाकिस्तान-सऊदी रक्षा समझौता
शरीफ का यह समर्थन उस बड़े रक्षा समझौते के कुछ महीने बाद आया है, जो पाकिस्तान और सऊदी अरब ने पिछले साल रियाद में किया था. इस समझौते के तहत किसी एक देश पर हमला दोनों पर हमला माना जाएगा.

'स्ट्रैटेजिक म्यूचुअल डिफेंस एग्रीमेंट'
'स्ट्रैटेजिक म्यूचुअल डिफेंस एग्रीमेंट' नाम का यह समझौता शरीफ की सऊदी यात्रा के दौरान साइन हुआ था. पाकिस्तान प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान के मुताबिक, 'किसी भी देश के खिलाफ आक्रामकता दोनों के खिलाफ आक्रामकता मानी जाएगी.' यह समझौता जरूरत पड़ने पर सऊदी अरब की रक्षा में पाकिस्तान के परमाणु हथियारों को भी शामिल करने की कानूनी अनुमति देता है, जिससे इस गठबंधन की गंभीरता उजागर होती है. इस संयुक्त रक्षात्मक व्यवस्था का मकसद द्विपक्षीय सुरक्षा संबंधों को मजबूत करना और बाहरी खतरों के खिलाफ रोकथाम क्षमता बढ़ाना है, ऐसे समय में जब क्षेत्र व्यापक टकराव के कगार पर खड़ा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement