scorecardresearch
 

'खाड़ी देशों की डिफेंस मिसाइल खत्म...', रिपोर्ट पर मचा बवाल! UAE-कतर ने दे दी वॉर्निंग

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि यूएई और कतर के एयर डिफेंस मिसाइल भंडार तेजी से खत्म हो रहे हैं, जिसे दोनों देशों ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है. यूएई ने अपनी रक्षा क्षमताओं को मजबूत बताया है जबकि कतर ने रिपोर्ट को गलत और भ्रामक करार देते हुए कानूनी कदम उठाने की बात कही है.

Advertisement
X
यूएई और कतर ने ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट को गलत बताते हुए नाराजगी जाहिर की है (File Photo: Reuters)
यूएई और कतर ने ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट को गलत बताते हुए नाराजगी जाहिर की है (File Photo: Reuters)

मध्य-पूर्व में चल रहे संघर्ष के बीच अमेरिका स्थित न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट पर विवाद हो गया है. ब्लूमबर्ग ने खाड़ी देशों, खासकर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और कतर को लेकर दावा किया गया था कि इन देशों का एयर डिफेंस मिसाइलों का भंडार तेजी से खत्म हो रहा है. अब इन देशों ने इस रिपोर्ट पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे गलत और भ्रामक बताया है. कतर ने तो न्यूज एजेंसी को कानूनी कार्रवाई की धमकी तक दे दी है.

दरअसल, अमेरिका-इजरायल के साथ युद्ध में ईरान खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को टार्गेट कर रहा है. ईरान के हमलों को रोकने के लिए सऊदी, यूएई, कतर समेत खाड़ी के देश अपनी एयर डिफेंस का सहारा ले रहे हैं. लेकिन ईरान इतनी तीव्रता से हमले कर रहा है कि इन देशों का डिफेंस सिस्टम उन्हें पूरी तरह रोक नहीं पा रहा.

इसी बीच ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट आई कि यूएई और कतर के एयर डिफेंस इंटरसेप्टर मिसाइलों के भंडार खतरनाक रूप से कम हो रहे हैं.

रिपोर्ट में कहा गया कि दोनों देश निजी तौर पर अपने सहयोगियों पर दबाव डाल रहे हैं कि वो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य ऑपरेशन को सीमित करने की अपील करें. इन दावों का दोनों देशों की सरकारों ने खंडन किया है.

Advertisement

यूएई ने क्या कहा?

यूएई के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि रिपोर्ट देश की तैयारी, तकनीकी क्षमता और ऑपरेशन की क्षमता को सही तरीके से पेश नहीं करती. मंत्रालय ने कहा कि यूएई के पास मल्टी लेवल का एयर डिफेंस सिस्टम है जो हवाई खतरों का मुकाबला करने में पूरी तरह सक्षम है. इनमें लंबी, मध्यम और कम दूरी के एयर डिफेंस सिस्टम शामिल हैं जो देश को हवाई खतरों से संपूर्ण सुरक्षा देती हैं.

यूएई के मंत्रालय ने यह भी कहा कि देश के पास गोला-बारूद का बड़ा भंडार मौजूद है, जिससे यूएई के पास लंबे समय तक जवाबी कार्रवाई करने की क्षमता है. बयान में दोहराया गया कि यूएई की रक्षा क्षमता और राष्ट्रीय सुरक्षा ढांचा मजबूत और अप्रभावित है. 

कतर ने क्या कहा?

कतर के अंतरराष्ट्रीय मीडिया कार्यालय ने भी ब्लूमबर्ग की उस रिपोर्ट का खंडन किया, जिसमें दावा किया गया था कि देश के पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों का भंडार खत्म हो गया है.

कतर ने कहा कि उसकी सशस्त्र सेनाओं के पास मौजूद मिसाइलों का भंडार खत्म नहीं हुआ है और पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है. उसने यह भी कहा कि देश की सेना बाहरी खतरों से राष्ट्र की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है.

Advertisement

कतर ने रिपोर्ट को गैर-जिम्मेदाराना करार देते हुए कहा कि गलत जानकारी को सुधारने के लिए वो कानूनी कदम सहित सभी विकल्पों पर विचार कर रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement