scorecardresearch
 

70 लोगों के साथ पाकिस्तान पहुंचा ईरानी डेलिगेशन, कहा- शर्तें मानने पर ही होगी आगे की बातचीत

इस्लामाबाद में शनिवार को होने वाली अमेरिका-ईरान वार्ता से पहले तेहरान ने कड़े तेवर दिखाए हैं. 70 सदस्यों के भारी-भरकम डेलिगेशन के साथ पाकिस्तान पहुंचे ईरान ने साफ कर दिया है कि बातचीत की गाड़ी तभी आगे बढ़ेगी, जब वॉशिंगटन उसकी पूर्व शर्तों को स्वीकार करेगा. पाकिस्तान की मध्यस्थता में हो रही इस बैठक पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं.

Advertisement
X
ईरान का कहना है कि बातचीत शुरू होने से पहले कुछ शर्तों को पूरा करना जरूरी है. (Photo: Reuters)
ईरान का कहना है कि बातचीत शुरू होने से पहले कुछ शर्तों को पूरा करना जरूरी है. (Photo: Reuters)

अमेरिका के साथ होने वाली शांति वार्ता के लिए ईरान का एक बड़ा और प्रभावशाली प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान पहुंच गया है. करीब 70 सदस्यों का यह दल संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकेर गालिबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची के नेतृत्व में इस्लामाबाद पहुंचा है. इस डेलिगेशन में केवल बड़े नेता ही नहीं, बल्कि सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और तकनीकी मामलों के एक्सपर्ट्स भी शामिल है. इसे अमेरिका-ईरान के बीच तनाव खत्म करने की दिशा में एक अहम कूटनीतिक कदम माना जा रहा है.

हालांकि इस बीच ईरान ने साफ किया है कि बातचीत तभी आगे बढ़ेगी जब वॉशिंगटन, तेहरान की पूर्व शर्तों को स्वीकार करेगा.

इस प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ राजनीतिक, सैन्य और आर्थिक अधिकारी शामिल हैं, जिनमें ईरान के विदेश मंत्री, रक्षा परिषद के सचिव, केंद्रीय बैंक के गवर्नर और संसद के कई सदस्य भी शामिल हैं.

अस्थायी युद्धविराम और दोनों पक्षों के बीच बने अविश्वास के माहौल में पाकिस्तान इस उच्च-स्तरीय बैठक की मेजबानी कर रहा है. इस बीच ईरान ने बार-बार जोर दिया है कि औपचारिक बातचीत शुरू होने से पहले कुछ शर्तों को पूरा करना जरूरी है.

इनमें क्षेत्रीय सुरक्षा और आर्थिक प्रतिबंधों से जुड़े मुद्दे शामिल हैं. यह दर्शाता है कि बातचीत में शामिल होने के बावजूद ईरान का रुख सख्त बना हुआ है.

वहीं, अब लेबनान और इजरायल ने भी सहमति जताई है कि वे मंगलवार को यू.एस. स्टेट डिपार्टमेंट में पहली बैठक करेंगे. इस बैठक में युद्धविराम की घोषणा और औपचारिक वार्ता पर चर्चा होगी.

Advertisement
Global leaders gather in Pakistan for historic peace talks
ये बड़े चेहरे महावार्ता में होगें शामिल (Photo: Reuters)



शांति वार्ता पर बोले पाकिस्तान के पीएम

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा है कि अमेरिका-ईरान वार्ता की मेजबानी करना सिर्फ पाकिस्तान के लिए गर्व की बात नहीं, बल्कि पूरे मुस्लिम विश्व के लिए भी गर्व की बात है.

इसके साथ ही पाकिस्तान के पीएम ने ईरान और अमेरिका के नेतृत्व का धन्यवाद भी किया कि उन्होंने पाकिस्तान के अनुरोध पर युद्धविराम के लिए सहमति जताई और शांति वार्ता के लिए भी तैयार हुए.

शांति वार्ता से पहले शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कटौती घोषणा की है. अब डीजल 520 रुपये प्रति लीटर से घटकर 385 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि पेट्रोल की कीमत में भी 12 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement