पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच बड़ी जंग जैसे हालात के बीच ईरान ने शांति की अपील और मध्यस्थता की पेशकश की है. ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि रमजान का महीना, जो इस्लाम की दुनिया में एकता को मजबूत करने का समय माना जाता है, ऐसे में उम्मीद है कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान अपने मतभेद बातचीत के जरिए सुलझाएं. इसके साथ ही उन्होंने फारसी में एक मशहूर कविता भी साझा किया, जिसका मतलब है, "आदम के बच्चे एक दूसरे के अंग हैं, क्योंकि दुनिया में वे एक ही चीज से बने हैं."
अब्बास अराघची ने कहा, "रमजान का महीना सब्र रखने और इस्लामी दुनिया में एकता बढ़ाने का समय होता है. ऐसे पवित्र महीने में अफगानिस्तान और पाकिस्तान को अपने मतभेद बातचीत और अच्छे पड़ोसी के रिश्ते के आधार पर सुलझाने चाहिए." उन्होंने यह भी कहा कि ईरान इस्लामी गणराज्य दोनों देशों के बीच संवाद को आसान बनाने, आपसी समझ बढ़ाने और सहयोग मजबूत करने में हर तरह की मदद देने के लिए तैयार है.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने अफगान तालिबान के खिलाफ Open War का किया ऐलान, दोनों ओर ताबड़तोड़ हमले
अब्बास अराघची ने अपने पोस्ट में जो फारसी उद्धरण साझा किया, वह शिराज के मशहूर फारसी कवि सादी की प्रसिद्ध कविता की पंक्ति है. इस पंक्ति में यह संदेश दिया गया है कि सभी इंसान एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और उनकी इंसानियत एक समान है.
पाक-अफगान सीमा पर ईरान ने तैनात किए ड्रोन
मध्यस्थता की पेशकश के साथ ही ईरान की तरफ से अफगानिस्तान और पाकिस्तान से लगती सीमाओं पर निगरानी भी बढ़ाई गई है. कई सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया है कि तीनों देशों की सीमाओं के आसपास आईआरजीसी के मोहजर-6 ड्रोन उड़ते देखे गए हैं. बताया जा रहा है कि ये ड्रोन अफगानिस्तान और पाकिस्तान बॉर्डर के बीच जाहेदान-जाबोल एक्सिस और दोनों पड़ोसी देशों के बीच चल रहे तनाव पर नजर बनाए हुए हैं.
पाकिस्तान में तालिबान फोर्सेज की कार्रवाई
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच शुक्रवार तड़के उस वक्त तनाव बढ़ गया, जब तालिबान फोर्सेज ने पाकिस्तान के पिछले एयरस्ट्राइक के खिलाफ डूरंड लाइन के पार पाकिस्तान सीमा में कार्रवाई की. इस दौरान अफगान तालिबान ने 55 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने, दो सैन्य बेस और 19 पोस्ट पर कब्जा करने का दावा किया. इसके अलावा कुछ अन्य पोस्ट पर भी कार्रवाई की बात कही गई.
तालिबान फोर्सेज की कार्रवाई पर क्या बोला पाकिस्तान?
पाकिस्तानी अधिकारियों और अफगानिस्तान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के मुताबिक, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के साथ-साथ दक्षिण में कंधार और दक्षिण-पूर्व में पक्तिया प्रांत में एयरस्ट्राइक की. पाकिस्तान का कहना है कि ये हमले अफगान सीमा पार हमलों के जवाब में किए गए.
यह भी पढ़ें: तालिबान से पड़ी मार तो पाकिस्तानी रक्षा मंत्री अफगानिस्तान को बताने लगे 'भारत की कॉलोनी'
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मुशर्रफ अली जैदी ने इस बात से इनकार किया कि किसी भी पाकिस्तानी सैनिक को पकड़ा गया है. उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक में कम से कम 133 अफगान लड़ाके मारे गए और 200 से ज्यादा घायल हुए. उन्होंने यह भी कहा कि 27 अफगान चौकियां तबाह कर दी गईं और नौ लड़ाके पकड़े गए. हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि हताहत कहां हुए, लेकिन कहा कि काबुल, पक्तिया और कंधार के सैन्य ठिकानों पर हमलों में और नुकसान होने का अनुमान है.