पश्चिम बंगाल की राजनीति में टीएमसी के 20 सांसदों के एनसीपीआई में विलय के दावे के बाद अब यह सवाल उठने लगा है कि क्या पार्टी के विधायक भी इसी रास्ते पर चल सकते हैं. इस बीच पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता और टीएमसी से निष्कासित नेता ऋतब्रत बनर्जी ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.
पत्रकार से बातचीत के दौरान पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी ने कहा, 'जहां तक पश्चिम बंगाल के विधायक दल का सवाल है, हमें ऐसी किसी बात की जानकारी नहीं है. हमने भी टीवी के जरिए ही देखा कि 20 सांसद एनसीपीआई में शामिल हो गए हैं. यह उनका फैसला है. हमारे बीच इस विषय पर कोई चर्चा नहीं हुई है.'
उन्होंने कहा, 'विधायक दल की स्थिति पहले जैसी ही है. हम बार-बार कह चुके हैं कि 80 में से 65 विधायक एक साथ हैं और एकजुट हैं. यह सामूहिक समूह आगे क्या करेगा, इस पर भी हम कई बार अपनी बात रख चुके हैं. हमारा रुख पूरी तरह साफ है.'
पार्टी के नाम और चुनाव चिन्ह पर दावे के सवाल पर जवाब
जब उनसे पूछा गया कि क्या आने वाले दिनों में पार्टी के नाम और चुनाव चिन्ह पर दावा करने की कोशिश की जाएगी, तो उन्होंने कहा, 'यह तो आने वाला समय बताएगा. अभी सोमवार की शाम है. कल सुबह क्या होगा, कल शाम क्या होगा या परसों क्या होगा, यह अभी कोई नहीं बता सकता. फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है.'
यह भी पढ़ें: बागियों का 'सहारा' बनी NCPI की कहानी... कभी पंचायत चुनाव तक नहीं जीती पार्टी के पास अब बंगाल का सबसे बड़ा संसदीय गुट
बीए कमेटी की बैठक पर क्या बोले?
पत्रकार ने पूछा कि मंगलवार को बिजनेस एडवाइजरी (बीए) कमेटी की पहली बैठक होने जा रही है, जिसमें वह नेता प्रतिपक्ष के तौर पर शामिल होंगे. इस पर ऋतब्रत बनर्जी ने कहा, 'जब बीए कमेटी की बैठक होगी, तब देखा जाएगा. उसमें कौन-कौन जाएगा, इसकी पूरी जानकारी अभी मुझे नहीं है. लेकिन मैं और मेरे चीफ व्हिप उसमें जरूर शामिल होंगे. इतना हमें पता है.'