scorecardresearch
 

बंगाल के पुरुलिया में BJP कार्यकर्ता की संदिग्ध परिस्थि​तियों में मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

पुरुलिया में भाजपा के शक्ति केंद्र प्रमुख हाबूलाल गोप की संदिग्ध परिस्थितियों हुई मौत ने बंगाल में राजनीतिक माहौल गरमा दिया है. परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए राजनीतिक साजिश की आशंका जताई है. भाजपा युवा मोर्चा और स्थानीय नेताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है.

Advertisement
X
पुरुलिया मेडिकल कॉलेज के बाहर जुटे बीजेपी नेता और कार्यकर्ता. (Photo: ITG)
पुरुलिया मेडिकल कॉलेज के बाहर जुटे बीजेपी नेता और कार्यकर्ता. (Photo: ITG)

पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में भाजपा के एक कार्यकर्ता की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कनाली गांव के पास शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान हाबूलाल गोप (45) के रूप में हुई है, जो आड़षा थाना क्षेत्र के बेलडी गांव के निवासी थे. भाजपा नेताओं के मुताबिक, हाबूलाल गोप पार्टी के शक्ति केंद्र प्रमुख और सक्रिय कार्यकर्ता थे.

परिजनों के मुताबिक हाबूलाल गुरुवार को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे. अगले दिन उनका शव बरामद हुआ. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पुरुलिया गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. परिजनों ने आरोप लगाया है कि हाबूलाल गोप की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है.

यह भी पढ़ें: शपथ ग्रहण मंच पर जनता के सामने दंडवत हुए PM मोदी, बोले- बंगाल की जनशक्ति को मेरा प्रणाम

सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार शाम को जब बारिश शुरू हुई तो हाबूलाल कनाली गांव की एक दुकान पर रुक गए. उनके साथ उनका भतीजा भी था. वहीं से वो लापता हो गए. कुछ देर तक उनका पता नहीं चलने पर भतीजे ने उनकी तलाश शुरू की. काफी देर बाद जब वो नहीं मिले तो भतीजा आखिरकार घर लौट आया. सुबह खबर मिली कि हाबूलाल का शव गांव से कुछ दूरी पर सड़क किनारे पड़ा है.

Advertisement

परिवार के सदस्यों का कहना है कि हाबूलाल गोप के शरीर पर कई चोट के निशान हैं. उनके चेहरे, छाती और पेट पर नील के निशान हैं. परिवार के सदस्यों का आरोप है कि हाबूलाल की राजनीतिक सक्रियता के कारण उन्हें निशाना बनाया गया और पीट-पीटकर उनकी हत्या की गई. वहीं, भाजपा युवा मोर्चा और जिला नेतृत्व ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

यह भी पढ़ें: दिलीप घोष से अग्निमित्रा पॉल तक... पश्चिम बंगाल की शुभेंदु सरकार में किस-किस ने ली शपथ

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के पीछे की वजह पता चल सके. बता दें कि 7 मई की रात बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रकांत रथ की उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. 

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement