तृणमूल कांग्रेस (TMC) के दिग्गज नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कथित तौर पर भड़काऊ और उत्तेजक भाषण देने के मामले में अभिषेक बनर्जी के खिलाफ बिधाननगर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में एक प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है.
यह शिकायत सामाजिक कार्यकर्ता राजीब सरकार द्वारा 5 मई को दर्ज कराई गई थी, जो कि चुनावी नतीजे घोषित होने के ठीक एक दिन बाद का समय है. बागुईआटी थाने में दी गई अपनी शिकायत में राजीब सरकार ने आरोप लगाया कि अभिषेक बनर्जी ने चुनाव प्रचार के दौरान कई जनसभाओं में न केवल भड़काऊ बयान दिए, बल्कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सीधे तौर पर धमकी भी दी थी.
शिकायतकर्ता ने अपने आरोपों को पुख्ता करने के लिए अभिषेक बनर्जी के उन विवादित भाषणों के कई वीडियो लिंक भी सबूत के तौर पर पुलिस को सौंपे हैं.
यह भी पढ़ें: 'अमित शाह 4 तारीख को कोलकाता में रहें...', अभिषेक बनर्जी ने दिया था चैलेंज, TMC की हार के बाद अब क्या कहा?
BNS और जनप्रतिनिधित्व कानून के तहत केस दर्ज
राजीब सरकार की शिकायत और प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. पुलिस ने अभिषेक बनर्जी के खिलाफ कुल पांच गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. इनमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की तीन अलग-अलग धाराएं और चुनाव आचार संहिता व नियमों के उल्लंघन को लेकर 'जनप्रतिनिधित्व अधिनियम' (Representation of the People Act) की दो धाराएं शामिल हैं.
फिलहाल साइबर क्राइम पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और सौंपे गए वीडियो फुटेज की सत्यता जांची जा रही है. इस घटनाक्रम के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में सियासी घमासान तेज होने के आसार हैं.तृणमूल कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
यह भी पढ़ें: पांच घोटालों में फंसी है ममता बनर्जी की TMC, अभिषेक बनर्जी समेत इन नेताओं की बढ़ेंगी मुश्किलें?