scorecardresearch
 

योगी सरकार के इस फैसले से बढ़ जाएगी सैलरी, जानिए नोएडा, लखनऊ और वाराणसी वालों का कितना बढ़ेगा न्यूनतम वेतन

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में प्राइवेट कर्मचारियों के प्रदर्शन के बाद यूपी सरकार ने न्यूनतम मजदूरी में अंतरिम बढ़ोतरी की है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी. जिसके तहत अलग-अलग श्रेणियों में करीब ₹2000 से ₹3000 तक बढ़ोतरी होगी. हालांकि इस फैसले से प्राइवेट कर्मचारी खुश नहीं हैं और उनका विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है.

Advertisement
X
CM योगी आदित्यनाथ. (File Photo: ITG)
CM योगी आदित्यनाथ. (File Photo: ITG)

नोएडा में प्राइवेट कर्मचारियों का सैलरी में बढ़ोतरी को लेकर प्रदर्शन जारी है. जिसे देखते हुए योगी सरकार ने सोमवार को देर रात एक आदेश जारी किया है. जिसके अनुसार न्यूनतम मजदूरी दरों में बढ़ोतरी कर दी गई है. नए आदेश 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगे. अलग-अलग श्रेणियां में अधिकतम करीब 3000 तक इजाफा हुआ है.

सरकार की तरफ से कहा गया है कि यह तात्कालिक फैसला है, आगे व्यापक समीक्षा के बाद वेज बोर्ड के माध्यम से स्थाई समाधान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. आदेश में कहा गया है कि गौतमबुद्ध नगर एवं गाजियाबाद जनपदों में अकुशल कर्मचारियों सैलरी में करीब 2000, कुशल कर्मचारियों की सैलरी में करीब 3000 और अर्धकुशल कर्मियों की सैलरी में 2600 रुपये बढ़ोतरी होगी.

इस प्रस्ताव के हिसाब से बढ़ेगी यूपी में प्राइवेट कर्मचारियों की सैलरी.

अन्य नगर निगम वाले जनपदों में भी होगी बढ़ोतरी
अकुशल कर्मचारी- पहले 11313, अब  13006
अर्धकुशल कर्मचारी- पहले 12445, अब 14306
कुशल कर्मचारी- पहले 13990- अब 16025

अन्य जनपदों के लिए
अकुशल कर्मचारी- पहले 11313, अब  12356
अर्धकुशल कर्मचारी- पहले 12445, अब 13591
कुशल कर्मचारी- पहले 13990- अब 15224

मंगलवार को भी उग्र प्रदर्शन जारी, अलर्ट पर पुलिस
ग्रेटर नोएडा में प्राइवेट कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी है. जिसको लेकर कासना थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट मोड पर नजर आया. डीसीपी ग्रेटर नोएडा प्रवीण रंजन सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने औद्योगिक क्षेत्र में पैदल मार्च किया. इस दौरान कई थानों के थाना प्रभारी भी मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.

Advertisement

पुलिस द्वारा माइक के माध्यम से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिससे किसी भी संभावित स्थिति से निपटा जा सके. पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना हुआ है. प्रशासन ने लोगों से सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है. 

सोसाइटी में काम करने वाली महिलाएं भी विरोध प्रदर्शन में उतरीं
प्राइवेट कर्मचारियों के अलावा अब सोसाइटी में घरेलू वर्कर के रूप में काम करने वाली महिलाएं भी विरोध प्रदर्शन में उतर आई हैं. नोएडा के सेक्टर 121 स्थित एक सोसाइटी के बाहर घरेलू कामगार महिलाओं और मजदूरों ने वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में शामिल महिलाओं में मेड और सफाई कर्मी बड़ी संख्या में मौजूद थीं. उनका कहना था कि बढ़ती महंगाई के बीच मौजूदा वेतन में गुजारा करना मुश्किल हो रहा है, इसलिए उन्हें उचित वेतन दिया जाए.

पत्थरबाजी के बाद मची अफरा-तफरी
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय बिगड़ गई जब कुछ प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और पथराव करने लगे. इस दौरान सड़क पर खड़ी कुछ संपत्तियों को नुकसान पहुंचा और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आईं. हंगामे के कारण इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

Advertisement

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने का प्रयास किया. पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराने की कोशिश की और स्थिति को नियंत्रण में लिया. फिलहाल मामले में सोसाइटी प्रबंधन और कामगारों के बीच बातचीत की संभावना जताई जा रही है, ताकि विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सके. 
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement