scorecardresearch
 

'कौन हो तुम, धर्म क्या है तुम्हारा...' शराब पीने से रोकने पर मुस्लिम पति-पत्नी से सवाल पूछने वाला मुकेश गिरफ्तार, Video

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख क्षेत्र में पब्लिक प्लेस पर शराब पी रहे युवक को मुस्लिम पति-पत्नी ने टोका तो विवाद बढ़ गया. आरोप है कि युवक ने उनसे धर्म पूछते हुए बहस की. मौके पर मौजूद एक लड़की ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो तेजी से वायरल हो गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि वीडियो बनाने वाली लड़की ने अब धमकियां मिलने का आरोप लगाया है. 

Advertisement
X
पुलिस ने हंगामा करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है (Photo ITG
पुलिस ने हंगामा करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है (Photo ITG

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के भीड़भाड़ वाले एक मार्केट के बीच अचानक ऐसा कुछ हुआ जिसने कुछ ही घंटों में पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया. एक युवक खुलेआम शराब पी रहा था. पास खड़े एक मुस्लिम पति-पत्नी ने इसे लेकर आपत्ति जताई. जिसके बाद शराब पी रहे युवकों ने दोनों का धर्म पूछ लिया और इसके बाद तो खूब हंगामा हुआ. अब दो दिन बाद खुलेआम शराब पी रहे युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है, वहीं वीडियो रिकॉर्ड करने वाली युवती सामने आकर धमकियां मिलने का आरोप लगा रही है.

घटना ग्रेटर नोएडा वेस्ट के थाना बिसरख क्षेत्र में आने वाले व्हाइट ऑर्किड मार्केट के पास 17 अप्रैल की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है.  रात का वक्त, आसपास लोगों की आवाजाही जारी थी. इसी बीच एक युवक खुलेआम शराब पीता दिखा. पास ही मौजूद एक मुस्लिम दंपति ने जब उसे रोका और सार्वजनिक स्थान पर शराब न पीने की बात कही, तो युवक ने आक्रामक रुख अपना लिया. पहले हल्की बहस हुई, फिर आवाजें तेज हो गईं.

कौन हो तुम ? धर्म क्या है तुम्हारा ?

दंपति के मुताबिक, युवक ने बात को वहीं खत्म करने के बजाय उल्टे सवाल शुरू कर दिए. उसने पहले उनकी पहचान पूछी और फिर धर्म को लेकर टिप्पणी की. यहीं से मामला और पेचीदा हो गया. दंपति ने विरोध जताया, लेकिन युवक लगातार बहसबाजी करता रहा. आसपास खड़े लोग भी इस पूरे घटनाक्रम को देखने लगे. कुछ ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन माहौल में तनावपूर्ण हो गया. इसी दौरान एक युवती ने आगे बढ़कर पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया.

Advertisement

कुछ ही समय में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो वायरल होने के बाद प्रतिक्रियाओं का सिलसिला शुरू हो गया. एक वर्ग ने सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने को गलत बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की. वहीं, कई लोगों ने बहस के दौरान धर्म जैसे विषय को बीच में लाने पर चिंता जताई. कुछ यूजर्स ने युवती के वीडियो बनाने के कदम को सराहा, तो कुछ ने इसे लेकर सवाल भी उठाए. 

पुलिस हरकत में, आरोपी गिरफ्तार

वीडियो सामने आने और दंपति की तहरीर के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की. आरोपी की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है. साथ ही, पूरे मामले की जांच जारी है. इस केस में एक और अहम मोड़ तब आया जब वीडियो रिकॉर्ड करने वाली युवती खुद सामने आई. उसने अपना पक्ष रखते हुए एक अलग वीडियो जारी किया. युवती ने कहा कि उसने सिर्फ सच को रिकॉर्ड किया. उसका मकसद किसी को निशाना बनाना नहीं था, बल्कि जो हो रहा था उसे सामने लाना था.

युवती ने दावा किया कि वीडियो वायरल होने के बाद उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं. सोशल मीडिया पर उसके खिलाफ टिप्पणियां की जा रही हैं और कुछ लोग उसे डराने की कोशिश कर रहे हैं. उसने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है और कहा है कि अगर कोई नागरिक गलत के खिलाफ आवाज उठाता है, तो उसे इस तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना चाहिए.

Advertisement

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement