scorecardresearch
 

यूपी पुलिस SI एग्जाम: क्या एडमिट कार्ड से परीक्षार्थी कर सकेंगे फ्री बस सफर? UPSRTC ने किया क्लियर

उत्तर प्रदेश में 14 और 15 मार्च को होने वाली सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही मुफ्त बस यात्रा की खबरें पूरी तरह भ्रामक हैं. परिवहन निगम ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों के लिए निशुल्क यात्रा का कोई प्रावधान नहीं है. साथ ही, भर्ती बोर्ड ने परीक्षा केंद्र के लिए सख्त नियम जारी किए हैं.

Advertisement
X
यूपी एसआई एग्जाम देने वालों को फ्री बस सफर की इजाजत नहीं (सांकेतिक फोटो)
यूपी एसआई एग्जाम देने वालों को फ्री बस सफर की इजाजत नहीं (सांकेतिक फोटो)

यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 14 और 15 मार्च को प्रदेशभर में सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही है. सोशल मीडिया पर एडमिट कार्ड दिखाकर रोडवेज बसों में मुफ्त सफर करने की खबरें फैलाई गईं, जिनका उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने खंडन कर दिया है. विभाग ने स्पष्टीकरण जारी कर सभी बस ड्राइवरों और कंडक्टरों को निर्देश दिए हैं कि अभ्यर्थियों के लिए ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है. वहीं, आवेदन पत्र में गलत आधार नंबर भरने वाले परीक्षार्थियों को जांच के लिए परीक्षा केंद्र पर ढाई घंटे पहले पहुंचना होगा. भर्ती बोर्ड ने नकल रोकने और सुरक्षा के लिए परीक्षा हॉल में घड़ी, ज्वेलरी और डिजिटल पेन जैसी वस्तुओं पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है. 

फ्री बस यात्रा के दावों पर परिवहन निगम का स्पष्टीकरण

यूपी पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए सोशल मीडिया पर चल रही 'निशुल्क यात्रा' की खबर महज एक अफवाह है. उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने साफ कर दिया है कि एडमिट कार्ड दिखाकर बसों में फ्री सफर करने का कोई भी आदेश मुख्यालय से जारी नहीं किया गया है.

विभाग ने सभी डिपो के चालक-परिचालकों को भी सूचित कर दिया है ताकि शनिवार और रविवार को होने वाली परीक्षा के दौरान यात्रियों और स्टाफ के बीच किसी भी तरह का विवाद न हो.

गलत आधार नंबर वाले अभ्यर्थियों के लिए विशेष निर्देश

भर्ती बोर्ड ने उन अभ्यर्थियों के लिए अहम जानकारी साझा की है, जिन्होंने अपने आवेदन पत्र में गलती से आधार नंबर गलत भर दिया था. ऐसे परीक्षार्थियों को सत्यापन प्रक्रिया के लिए निर्धारित समय से ढाई घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा. पहचान पत्र के तौर पर अभ्यर्थियों को अपने साथ एडमिट कार्ड के अलावा ओरिजिनल आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट में से कोई एक दस्तावेज अनिवार्य रूप से लाना होगा, वरना प्रवेश नहीं मिलेगा.

Advertisement

परीक्षा केंद्र पर इन चीजों को लाने पर रहेगा सख्त प्रतिबंध

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए बोर्ड ने सख्त गाइडलाइंस जारी की हैं. परीक्षार्थी केंद्र के भीतर किसी भी प्रकार का क्रेडिट या डेबिट कार्ड, स्केल, इरेज़र, डिजिटल पेन, चाभी, घड़ी या किसी भी प्रकार की ज्वेलरी नहीं ले जा सकेंगे. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे केवल आवश्यक दस्तावेज ही साथ रखें और किसी भी भ्रामक खबर पर भरोसा न करें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement