कानपुर के ग्वालटोली थाना क्षेत्र में सामूहिक भोज के दौरान सुरक्षा में तैनात एक कांस्टेबल ने रील बना रहे ट्रांसजेंडर युवक के गाल पर किस कर दिया. आनंदेश्वर मंदिर पार्किंग में उमड़ी भीड़ के बीच पुलिस गश्त कर रही थी, तभी यह वाकया कैमरे में कैद हो गया. वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड होते ही तेजी से फैल गया, जिससे पुलिस की छवि पर सवाल उठने लगे. विवाद बढ़ने पर सिपाही ने अपनी पहचान छिपाने और कार्रवाई से बचने के लिए वीडियो डिलीट करने की गुहार लगाई, लेकिन सफलता न मिलने पर उसने अपनी सोशल मीडिया आईडी बंद कर दी.
गश्त के दौरान कैमरे में कैद हुई हरकत
आनंदेश्वर मंदिर के पास आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस टीमें तैनात थीं. इसी बीच एक ट्रांसजेंडर फिल्मी गाने पर मोबाइल से रील रिकॉर्ड कर रहा था. तभी वहां से गुजर रहे पुलिसकर्मियों में से एक कांस्टेबल अचानक पास आया और कैमरे की ओर देखते हुए उसे चूम लिया. यह पूरी घटना रील का हिस्सा बन गई और सोशल मीडिया पर आते ही चर्चा का विषय बन गई. रील के बैकग्राउंड में 'छैला बाबू तू कैसा दिलदार निकला...' सॉन्ग चल रहा है.
सिपाही ने लगाई पोस्ट हटाने की गुहार
वीडियो वायरल होने के बाद हजारों लोगों ने इसे साझा किया और पुलिस के इस आचरण की आलोचना की. स्थिति बिगड़ती देख संबंधित कांस्टेबल घबरा गया. उसने वीडियो के कमेंट सेक्शन में बार-बार अनुरोध किया कि इस पोस्ट को हटा दिया जाए क्योंकि इससे उसकी नौकरी खतरे में पड़ गई है. उसने निजी तौर पर संपर्क करने की भी कोशिश की, लेकिन जब वीडियो नहीं हटा, तो उसने अपना सोशल मीडिया अकाउंट ही डिलीट कर दिया.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
एसीपी कर्नलगंज अमित कुमार चौरसिया ने इस मामले पर संज्ञान लिया है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिख रहा कांस्टेबल ग्वालटोली थाने का स्थायी स्टाफ नहीं है. आशंका जताई जा रही है कि वह किसी अन्य यूनिट से विशेष ड्यूटी पर वहां आया था. पुलिस अब वीडियो की सत्यता और घटना के सटीक स्थान की पुष्टि कर रही है, जिसके बाद दोषी पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी.