scorecardresearch
 

Shahjahanpur: होटल के बाथरूम में मिली नर्स की लाश, साथ आया युवक फरार, गला घोंटकर हत्या की आशंका

शाहजहांपुर में 22 वर्षीय एक नर्स होटल के कमरे में मृत पाई गई. परिजनों के मुताबिक, नर्स के साथ पहले रेप किया गया कि फिर उसका गला घोंट दिया गया.

Advertisement
X
शाहजहांपुर में युवती की हत्या
शाहजहांपुर में युवती की हत्या

यूपी के शाहजहांपुर में 22 वर्षीय एक नर्स होटल के कमरे में मृत पाई गई. उसके परिवार वालों ने रेप के बाद हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों के मुताबिक, नर्स के साथ पहले रेप किया गया कि फिर उसका गला घोंट दिया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच-पड़ताल जारी है. मृतका पीलीभीत की रहने वाली थी. 

शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक कुमार मीणा ने शुक्रवार को बताया कि मृतका शहर के एक निजी अस्पताल में काम करती थी. गुरुवार शाम को शहर के ही एक होटल (पिज्जा हब) में उसकी लाश मिली. प्रथम दृष्टया गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई गई है.  प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. जांच की जा रही है, जल्द ही कातिल को पकड़ लिया जाएगा. 

बताया जा रहा है कि घटना के बाद नर्स के साथ होटल आया युवक भाग गया था. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमों का गठन किया गया है. मृतक के परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, शुभम शुक्ला नाम का युवक नर्स के साथ होटल के कमरे में पहुंचा था, जो बाद में मौके से फरार हो गया. 

Advertisement

वहीं, पुलिस का कहना है कि "मृतका के परिवार के सदस्यों द्वारा यह आरोप लगाया गया है कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया और फिर शुभम शुक्ला द्वारा गला घोंटकर हत्या कर दी गई. शिकायत के आधार पर हमने शुभम के खिलाफ हत्या (302 आईपीसी) और बलात्कार (376 आईपीसी) का मामला दर्ज किया है." फिलहाल, पीड़िता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं. 

मिली जानकारी के मुताबिक, शुभम ने होटल में कमरा बुक कराया था. शाम पांच बजे शुभम होटल मालिक को खाना लेकर आने की बात कहकर चला गया. काफी देर बाद भी जब वह वापस नहीं आया तो स्टाफ के लोगों ने कमरे के अंदर जाकर देखा. जहां बाथरूम में युवती का शव पड़ा हुआ मिला. इससे स्टाफ में खलबली मच गई और सूचना मिलते ही चौक कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई. 

पुलिस ने शव को बरामद करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने युवती के कथित प्रेमी शुभम शुक्ला और होटल मालिक समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ गैंगरेप हत्या और षडयंत्र रचने का मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने होटल मालिक को गिरफ्तार कर लिया है.  

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement