scorecardresearch
 

सहारनपुर: कारोबारी की पत्नी की गला रेतकर हत्या, खुली अलमारी और 2 गिलास पानी ने बढ़ाया रहस्य

सहारनपुर के नकुड़ थाना क्षेत्र के अंबेहटा कस्बे में 60 वर्षीय पूनम मित्तल की उनके घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई. अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया और कान भी काट दिए. घर में खुली अलमारी, मिठाई की प्लेट और दो गिलास मिलने से किसी परिचित के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है.

Advertisement
X
कारोबारी की पत्नी, जिसकी घर के अंदर हत्या कर दी गई. (File Photo: Rahul kumar/ITG)
कारोबारी की पत्नी, जिसकी घर के अंदर हत्या कर दी गई. (File Photo: Rahul kumar/ITG)

सहारनपुर के नकुड़ थाना क्षेत्र के अंबेहटा कस्बे में सोमवार को हुई एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. यहां मुख्य बाजार के स्पेयर पार्ट्स कारोबारी संजय मित्तल की 60 वर्षीय पत्नी पूनम मित्तल की उनके ही घर में निर्मम हत्या कर दी गई. हत्यारों ने महिला का गला धारदार हथियार से रेत दिया और दोनों कान भी काट दिए. खून से लथपथ शव घर के कमरे में पड़ा मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई.

अलमारी खुली और मिठाई की प्लेट मिली गायब
घटना का पता उस समय चला जब शाम करीब 4 बजे संजय मित्तल को उनकी पत्नी के मोबाइल से कॉल आई. फोन उठाने पर दूसरी ओर से कोई आवाज नहीं आई. अनहोनी की आशंका होने पर वह एक डॉक्टर को साथ लेकर घर पहुंचे. वहां मुख्य दरवाजा खुला मिला और कमरे में पत्नी का शव पड़ा था. मौके का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए. महिला के गले पर गहरे घाव थे और कानों में पहने गए कुंडल भी गायब थे.

मौके पर खुली अलमारी, ड्राइंगरूम में रखी मिठाई की प्लेट और दो गिलास पानी कई सवाल खड़े कर रहे हैं. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्यारा कोई परिचित व्यक्ति था, जिसे महिला ने खुद घर के अंदर आने दिया. पुलिस को घर से लूटपाट के स्पष्ट सबूत नहीं मिले हैं, जिससे मामला पुरानी रंजिश या व्यक्तिगत दुश्मनी की ओर इशारा करता नजर आ रहा है.

Advertisement

सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति परिवार का परिचित प्रतीत होता है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. मामले के जल्द खुलासे के लिए छह टीमों का गठन किया गया है. उधर, घटना से नाराज व्यापारियों ने बाजार बंद कर पुलिस से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.

मामले की जांच में जुटी पुलिस
एसएसपी अभिनंदन के मुताबिक शाम 5 बजे के आसपास सूचना मिली की कस्बा अम्बेहता पीर में जो कि थाना नकुल क्षेत्र में लगता है, वहां एक घर में एक महिला की लाश पड़ी है. सूचना मिलते ही हम सभी अधिकारी गण हमारी फॉरेंसिक यूनिट मौके पर आए. घटनास्थल को देखकर प्रथम दृष्टि जो चीज समझ में आ रही हैं, जिसने इस घटना को अंजाम दिया है वह कोई जानने वाला ही व्यक्ति था. क्योंकि गले पर किसी शार्प चीज की इंजरी है, जो घर का दरवाजा है वह अंदर से खुला हुआ था.

मोहल्ले वालों का भी कहना है कि घर का मुख्य गेट तभी खुलता है, जब कोई जानने वाला व्यक्ति आता है. फिलहाल मामले की जांच जारी है. जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement