उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां राज्य परिवहन निगम की कन्नौज डिपो की एक बस के ड्राइवर को बस चलाते समय हार्ट अटैक आ गया. हालांकि, उसकी सूझबूझ से बस में सवार 40 यात्रियों की जान बच गई.
दरअसल, गुरुवार दोपहर बस ड्राइवर मानसिंह (45 साल) और कंडक्टर सुरेंद्र 40 यात्रियों को कन्नौज से लेकर हरदोई के लिए निकले. हरदोई शहर से 17 किलोमीटर पहले सेमरा चौराहे पर बस चलाते समय मानसिंह की तबीयत खराब हो गई. सीने में दर्द और सांस लेने में दिक्कत के चलते उसने बीच सड़क पर ही बस खड़ी कर दी.
ये भी पढ़ें- मौत का Live Video, मंच पर कविता पढ़ते समय Heart Attack से कवि की गई जान
इसके बाद खिड़की खोलकर नीचे उतरा और सड़क पर बैठ ही गया. इससे पहले लोग कुछ समझ पाते वो बेहोश हो गया. उसे सड़क पर बेहोश देखकर बस में सवार यात्रियों और कंडक्टर ने समझदारी का परिचय देते हुए उसे बस में लिटाया.
इसके बाद एक यात्री से बस चलवाकर कंडक्टर सीधे मेडिकल कॉलेज पहुंचा. वहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया. मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मानसिंह कन्नौज जिले के सिकंदरपुर करन गांव का रहने वाला था.
इस घटना को लेकर ईएमओ मेडिकल कॉलेज हरदोई यश अग्निहोत्री ने बताया कि ड्राइवर मानसिंह (45 साल) को हमारे पास लाया गया. इमरजेंसी में हमने चेक किया तो पाया कि उसकी मौत हो चुकी थी. मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट हो सकता है.
एआरएम रोडवेज हरदोई पंकज तिवारी ने बताया कि कन्नौज डिपो की बस हरदोई के लिए आ रही थी. उसमें करीब 40 सवारियां थीं. अचानक हालत बिगड़ने पर ड्राइवर ने ब्रेक लगाकर वहीं बस रोकी. उसकी सूझबूझ से 40 सावरियां सुरक्षित बचीं.
बस कंडक्टर सुरेंद्र ने बताया, 'हम लोग कन्नौज बस स्टैंड से लगभग 40 सवारियों को लेकर हरदोई के लिए आ रहे थे. अचानक ड्राइवर ने सेमरा चौराहे के पास गाड़ी रोकी और नीचे उतरे. इसके बाद वो बेहोश हो गए. इसके बाद हम लोग उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया.