scorecardresearch
 

जेवर छोड़े, सिलेंडर ले उड़े... प्रयागराज में चोरों का नया टारगेट, घर में घुसकर रसोई से 'गैस' की चोरी

प्रयागराज के दारागंज में चोर घर में घुसे लेकिन गहनों को छोड़कर सिर्फ गैस सिलिंडर चोरी कर ले गए. परिवार ने दो दिन पहले ही सिलिंडर लाया था. इससे पहले बहरिया में भी ऐसी घटना हुई थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश जारी है.

Advertisement
X
घर से सिलेंडर चुरा ले गए चोर (Photo: Screengrab)
घर से सिलेंडर चुरा ले गए चोर (Photo: Screengrab)

देश में रसोई गैस की किल्लत के बीच अब चोरों के निशाने पर कीमती गहनों की जगह गैस सिलिंडर आ गए हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां चोर घर में घुसे लेकिन उन्होंने जेवरात और अन्य कीमती सामान को हाथ तक नहीं लगाया और सिर्फ गैस सिलिंडर उठाकर ले गए.

यह घटना दारागंज थाना क्षेत्र के त्रिवेणी बांध इलाके की है. यहां रहने वाले ज्ञानचंद्र शनिवार रात खाना खाकर अपने परिवार के साथ सो गए थे. आधी रात के बाद कुछ चोर उनके घर में घुस गए और सीधे रसोई में पहुंचकर गैस से भरा सिलिंडर उठा ले गए.

सुबह जब परिवार के लोग उठे तो रसोई में रखा सिलिंडर गायब देखकर हैरान रह गए. खास बात यह है कि चोरों ने रसोई में रखे अन्य सामान और पास के कमरे में रखे गहनों को छुआ तक नहीं. इससे साफ है कि उनका निशाना सिर्फ गैस सिलिंडर था.

घर में घुसे चोर, गहनों को छोड़ केवल सिलिंडर किया पार

बताया जा रहा है कि ज्ञानचंद्र दो दिन पहले ही बड़ी मुश्किल से गैस एजेंसी से सिलिंडर लेकर आए थे. उन्होंने उसे सुरक्षित रखने के लिए जंजीर से बांधकर रखा था, इसके बावजूद चोर उसे ले जाने में सफल रहे. घटना की जानकारी जैसे ही मोहल्ले के लोगों को हुई, सभी हैरान रह गए और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. कुछ लोगों ने इसे आपदा में अवसर तलाशने की घटना बताया.

Advertisement

इससे पहले भी प्रयागराज के बहरिया क्षेत्र में ऐसी ही घटना सामने आई थी, जहां जलालपुर सिकंदरा स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू इंटर कॉलेज के स्टोर रूम का ताला तोड़कर चोरों ने गैस सिलिंडर और अग्निशमन यंत्र सहित कई सामान चोरी कर लिया था. इस मामले में पुलिस ने रविवार को गांव के ही सूरज धूरिया को गिरफ्तार कर चोरी का सिलिंडर और अन्य सामान बरामद कर लिया था.

दो दिन पहले ही बड़ी मुश्किल से लाया गया था गैस सिलिंडर

दारागंज की घटना के बाद पुलिस ने भी मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से साफ है कि इस समय गैस सिलिंडर चोरों के निशाने पर हैं और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement