scorecardresearch
 

भोजपुरी स्टार पवन सिंह के शो के नाम पर 14 लाख की ठगी, 4 आरोपियों पर केस दर्ज

आजमगढ़ में भोजपुरी स्टार पवन सिंह के शो के नाम पर 14 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. म्यूजिक कलाकार दिव्यांश सिंह से आरोपियों ने बुकिंग का झांसा देकर एडवांस और खर्च के नाम पर रकम ली. बाद में पवन सिंह की टीम ने बुकिंग से इनकार कर दिया. अतरौलिया पुलिस ने निहाल सिंह समेत चार आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है.

Advertisement
X
भोजपुरी स्टार पवन सिंह.(Photo: Rajeev Kumar Srivastava/ITG)
भोजपुरी स्टार पवन सिंह.(Photo: Rajeev Kumar Srivastava/ITG)

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय गायक और अभिनेता पवन सिंह के नाम पर 14 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि कुछ लोगों ने बड़े म्यूजिकल शो में भोजपुरी स्टार को बुलाने का झांसा देकर एक कलाकार से मोटी रकम ऐंठ ली. मामले में अतरौलिया थाना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

एसपी सिटी मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि अमेठी जिले के गाजनपुर गांव निवासी दिव्यांश सिंह उर्फ कबीर पेशे से म्यूजिक कलाकार हैं और लखनऊ में रहकर क्लब, रेस्टोरेंट और विभिन्न कार्यक्रमों में गिटार बजाने के साथ म्यूजिकल बैंड शो आयोजित करते हैं. एक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात मोहम्मद खर्शीद अहमद और टीना नामक लोगों से हुई, जहां बड़े स्तर का म्यूजिक शो आयोजित करने की योजना बनी और उसमें पवन सिंह को मुख्य आकर्षण के रूप में बुलाने की बात तय हुई.

यह भी पढ़ें: राम रहीम के बाद अब अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम ने मांगी इमरजेंसी परोल, जाना चाहता है आजमगढ़

परिचित के जरिए संपर्क, भरोसा दिलाकर लाखों रुपये लिए

इस संबंध में दिव्यांश ने अपने परिचित निहाल सिंह से संपर्क किया. निहाल सिंह ने दावा किया कि उसके पड़ोसी निशांत सिंह, नितिन सिंह और अमन सिंह का भोजपुरी स्टार पवन सिंह से सीधा संपर्क है और वे आसानी से कार्यक्रम की बुकिंग करवा सकते हैं. आरोपियों ने बताया कि पूरे शो का खर्च करीब 14 लाख रुपये आएगा और इसके लिए 31 दिसंबर 2024 की तारीख तय की गई.

Advertisement

पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने भरोसा दिलाकर एडवांस के रूप में नौ लाख रुपये निहाल सिंह की मां के बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए. इसके बाद प्रचार-प्रसार, टेंट, मंच और अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर करीब पांच लाख एक हजार रुपये और ले लिए गए. इस तरह कुल 14 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए गए.

आजमगढ़

सच्चाई सामने आने पर खुला ठगी का राज, पुलिस जांच में जुटी

कुछ समय बाद जब दिव्यांश ने पवन सिंह की टीम से संपर्क किया, तो उनके मैनेजर ने ऐसे किसी कार्यक्रम या बुकिंग से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद आरोपियों के मोबाइल फोन बंद हो गए, जिससे ठगी की आशंका और पुख्ता हो गई. ठगी का एहसास होने पर दिव्यांश सिंह ने पूरे मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की.

शिकायत के आधार पर अतरौलिया थाना पुलिस ने निहाल सिंह, निशांत सिंह, नितिन सिंह और अमन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. अपर पुलिस अधीक्षक मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि पवन सिंह के कार्यक्रम के नाम पर 14 लाख रुपये लिए गए, लेकिन उनकी कोई बुकिंग नहीं कराई गई. फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement