scorecardresearch
 

Exclusive: यूपी में पांच साल में 7 एयरपोर्ट खुले और अब 6 पर उड़ानें बंद... RTI में बड़ा खुलासा

RTI के आंकड़े यूपी की एविएशन तस्वीर के दो पहलू दिखाते हैं. एक तरफ 2021 के बाद शुरू हुए सात में से छह एयरपोर्ट्स पर नियमित उड़ानें बंद हो चुकी हैं. दूसरी तरफ कानपुर जैसे विस्तारित एयरपोर्ट और आगरा जैसे पुराने एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. जान‍िए- क्या है असली तस्वीर?

Advertisement
X
RTI से कुशीनगर एयरपोर्ट की चौंकाने वाली हकीकत सामने आई.
RTI से कुशीनगर एयरपोर्ट की चौंकाने वाली हकीकत सामने आई.

उत्तर प्रदेश में 2021 के बाद शुरू हुए नए एयरपोर्ट्स को लेकर RTI से बड़ा खुलासा हुआ है. एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के कुशीनगर डिविजन से मिले जवाब के मुताबिक, 2021 के बाद सात एयरपोर्ट्स से कमर्शियल फ्लाइट्स शुरू हुईं, लेकिन इनमें से छह पर अब नियमित उड़ानें बंद हो चुकी हैं. इन सात में से फिलहाल सिर्फ अयोध्या एयरपोर्ट पर ही शेड्यूल्ड फ्लाइट्स चल रही हैं.

हालांकि कानपुर का मामला थोड़ा अलग है. वहां पहले से एयरपोर्ट था, लेकिन 2023 में नया सिविल एन्क्लेव शुरू हुआ और उसके बाद कमर्शियल उड़ानें शुरू हुईं. कानपुर में अब भी यात्री संख्या लगातार बढ़ रही है.

2021 के बाद जिन एयरपोर्ट्स से शुरू हुईं कमर्शियल उड़ानें

कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट 

उद्घाटन: 20 अक्टूबर 2021
फ्लाइट शुरू: 26 नवंबर 2021
स्थिति: नवंबर 2023 से बंद

महर्ष‍ि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट अयोध्या धाम 

उद्घाटन: 30 दिसंबर 2023
फ्लाइट शुरू: 10 जनवरी 2024
स्थिति: फिलहाल चालू

आजमगढ़ एयरपोर्ट

उद्घाटन: 10 मार्च 2024
फ्लाइट शुरू: 11 मार्च 2024
स्थिति: नवंबर 2024 से बंद

अलीगढ़ एयरपोर्ट 

उद्घाटन: 10 मार्च 2024
फ्लाइट शुरू: 11 मार्च 2024
स्थिति: बंद

चित्रकूट एयरपोर्ट

उद्घाटन: 10 मार्च 2024
फ्लाइट शुरू: 12 मार्च 2024
स्थिति: दिसंबर 2024 से बंद

श्रावस्ती एयरपोर्ट 

उद्घाटन: 10 मार्च 2024
फ्लाइट शुरू: 10 मार्च 2024
स्थिति: बंद

Advertisement

मुरादाबाद एयरपोर्ट

उद्घाटन: 10 मार्च 2024
फ्लाइट शुरू: 10 अगस्त 2024
स्थिति: नवंबर 2024 से बंद

इन सात एयरपोर्ट्स में से सिर्फ अयोध्या ही ऐसा है, जहां अभी नियमित उड़ानें जारी हैं. कुशीनगर करीब दो साल चला, लेकिन नवंबर 2023 में वहां भी उड़ानें रुक गईं. मार्च 2024 में शुरू हुए बाकी एयरपोर्ट्स तो कुछ ही महीनों में ठप हो गए. आजमगढ़ और चित्रकूट करीब 8-9 महीने चले, मुरादाबाद सिर्फ तीन महीने, जबकि श्रावस्ती भी कुछ ही समय में बंद हो गया.

कुशीनगर: इंटरनेशनल टैग, लेकिन उड़ानें गायब

कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का आगाज बड़े दावे के साथ हुआ था. अक्टूबर 2021 में उद्घाटन हुआ और अगले महीने से नियमित उड़ानें शुरू भी हो गईं. मार्च 2022 तक यहां 54 शेड्यूल्ड फ्लाइट्स चल रही थीं, जो अब तक का सबसे व्यस्त समय था. लेकिन 2023 आते-आते तस्वीर बदल गई. फ्लाइट्स घटती गईं और नवंबर 2023 में जब सेवाएं बंद हुईं, तब सिर्फ 6 फ्लाइट्स ही बची थीं.

कानपुर: विस्तार के बाद रफ्तार

कानपुर एयरपोर्ट का मामला अलग है. यहां पहले से एयरपोर्ट था, लेकिन 26 मई 2023 को नए सिविल एन्क्लेव का उद्घाटन हुआ. 7 जून 2023 से यात्री सेवाएं शुरू हुईं. नया टर्मिनल पुराने भवन से करीब 16 गुना बड़ा है. इसका असर यात्री संख्या पर साफ दिखा.

Advertisement

जून से दिसंबर 2023: 1,70,214 यात्री

2024: 2,89,577 यात्री
2025: 3,64,075 यात्री

यानी दो साल में सालाना यात्री संख्या दोगुने से ज्यादा हो गई.

आगरा: पुराना एयरपोर्ट, स्थिर रफ्तार

आगरा एयरपोर्ट इन सात नए एयरपोर्ट्स में शामिल नहीं है, लेकिन यहां यात्री आवाजाही लगातार बनी हुई है. RTI के मुताबिक 2025 में यहां 1,19,868 यात्री आए और 1,19,890 यात्री गए. कुल मिलाकर सालभर में 2,39,758 यात्रियों ने सफर किया.

बड़ी तस्वीर क्या कहती है?

RTI के आंकड़े यूपी की एविएशन तस्वीर के दो पहलू दिखाते हैं. एक तरफ 2021 के बाद शुरू हुए सात में से छह एयरपोर्ट्स पर नियमित उड़ानें बंद हो चुकी हैं. दूसरी तरफ कानपुर जैसे विस्तारित एयरपोर्ट और आगरा जैसे पुराने एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. यानी जहां नई शुरुआतें टिक नहीं पाईं, वहीं बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और स्थिर संचालन वाले एयरपोर्ट अपनी रफ्तार बनाए हुए हैं. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement