उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर गलत नजर डालने के शक में अपने छोटे भाई की हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक आरोपी मेघश्याम सिंह ने मंगलवार रात करीब 10 बजे मगोरा थाना क्षेत्र के अहमल गांव में अपने 35 साल के भाई निरंजन पर गंडासे से हमला कर दिया.
पुलिस ने बताया कि मेघश्याम काम से घर लौटा था. उसकी पत्नी दुर्गेश ने शिकायत की कि निरंजन उस पर गलत नजर डाल रहा था. इससे गुस्से में आकर मेघश्याम ने हथियार उठाया और भाई के गले, कान और हाथ पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. बड़े भाई ने गंडासे से गला काट दिया.
मां को बचाने गई तो उसे भी मारा
पुलिस के अनुसार, जब उनकी मां लौंगा देवी बीच-बचाव करने आईं तो आरोपी ने उन्हें भी घायल कर दिया. घटना के बाद मेघश्याम ने कमरे में ताला लगाया और अपनी पत्नी के साथ फरार हो गया.
दोनों भाइयों की शादी करीब आठ साल पहले राजस्थान के भरतपुर जिले की दो बहनों से हुई थी. हालांकि दोनों परिवारों के बीच रिश्ते ठीक नहीं थे और निरंजन की पत्नी पिछले एक साल से अपने मायके में रह रही थी.
पुलिस ने बताया कि निरंजन शराब पीने का आदी था, जिससे घर में अक्सर झगड़ा होता था. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मेघश्याम और उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है.