उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां 22 वर्षीय युवती शिवानी सिंह की हत्या कर उसके शव को जंगल में फेंक दिया गया. मृतका पिछले 24 घंटे से लापता थी और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे. सोमवार सुबह सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस को उतरेटिया रेलवे लाइन के पास जंगल में एक युवती का शव पड़े होने की सूचना मिली. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान की कोशिश शुरू की. शुरुआती घंटों में शव की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद उसे पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया.
इसी दौरान पुलिस को पीजीआई थाने से जानकारी मिली कि रविवार सुबह 10 बजे से एक युवती लापता है. पुलिस ने तुरंत परिजनों को थाने बुलाया और शव की तस्वीरें दिखाई. तस्वीर देखते ही परिजन टूट गए और शव की पहचान शिवानी सिंह के रूप में की गई.
युवती की हत्या कर जंगल में फेंका शव
पुलिस के अनुसार शिवानी सिंह पीजीआई क्षेत्र की रहने वाली थी. उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे स्पष्ट है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है. पुलिस का मानना है कि हमलावरों ने पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के इरादे से शव को जंगल में फेंका.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है. सुशांत गोल्फ सिटी थाना प्रभारी राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह और समय स्पष्ट हो सकेगा.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस अब घटनास्थल और युवती के घर के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिरी बार शिवानी किससे मिली थी और उसे वहां तक कैसे लाया गया. फिलहाल इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है.